PATNA: मानसून की पहली बारिश ने ही राजधानी के कंकड़बाग, राजेन्द्र नगर जैसे इलाकों के लोगों को डरा दिया है। दूसरी तरफ पटना के कई इलाकों में अब भी नाला उड़ाही का काम चल रहा है। ऐसे में लोगों को आई नेक्स्ट ने नगर विकास एवं आवास मंत्री महेश्वर हजारी से कुछ सवाल किए।

सवाल: पटनावासी मानसून की पहली बारिश देख कर ही सहम गए हैं?

जवाब: हमारी तैयारी पहले से है कि पटना में जल जमाव लंबे समय तक न हो। ज्यादातर नालों की उड़ाही हो चुकी है। जो मेन होल खुले हैं उसे बंद कराए जा चुके हैं।

सवाल: लेकिन अभी भी कई नालों की उड़ाही चल रही है?

जवाब: मैन पावर की कमी है इसलिए ऐसा हुआ है। फिर भी आधुनिक मशीनों को नाला उड़ाही के काम में लगाया गया है।

सवाल: इसका कोई समाधान वर्षो से सरकार क्यों नहीं कर सकी कि मानसून आने के पहले पटना के तमाम नाला उड़ाही का काम पूरा कर लिया जाए?

जवाब: जितने भी इंजीनियरिंग ऑर्गेनाइजेशन हैं सभी को एक किया जा रहा है। ढांचा ठीक नहीं है इसलिए दिक्कत है। अब इसे दुरूस्त किया जा रहा है। बिहार राज्य जल पर्षद और शहरी विकास अभिकरण जैसों को खत्म किया जा रहा है। इसके बाद स्थिति ठीक हो जाएगी।

सवाल: कई लोग अभी से ही घर छोड़ जाने लगे हैं?

जवाब: इस बार डरने की कोई जरूरत नहीं है। मैं खुद निरीक्षण के लिए निकल रहा हूं। प्रधान सचिव भी निरीक्षण कर रहे हैं। जहां से भी जल जमाव की शिकायत आ रही है जल्द-से-जल्द काम कराया जा रहा है। पंप हाउस के सारे पंप दुरूस्त हैं।