-पहले गले में रस्सी डालकर गिराया फिर पत्थर से कुचलकर मार डाला

-राजाभिट्ठा थाना क्षेत्र की वारदात, रिश्ते में दोनों मामा-भांजा थे

-अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन में जुटी पुलिस

गोड्डा/पथरगामा : गोड्डा में अपराधी बेलगाम हो गए हैं। दो दिनों के भीतर बदमाशों ने तीन लोगों को मार डाला। शनिवार की रात राजाभिट्टा थाना क्षेत्र के रोहड़ा गांव में आपसी रंजिश में मामा-भांजा की हत्या कर दी गई। रविवार सुबह दोनों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। इससे पहले गुरुवार रात जमनी पहाड़पुर में ईंट भट्ठा व्यवसायी की हत्या अपराधियों ने गोली मार कर दी थी। बताया गया कि रोहड़ा गांव निवासी चार्लिस मरांडी (55 वर्ष) व गांव का प्रधान रौसवेल हांसदा (40 वर्ष) हाट करने रतनपुर आए थे। शाम में दोनों लौट रहे थे। गांव से एक किलोमीटर पहले अपराधियों ने पहले दोनों के गले में रस्सी डालकर पटक दिया फिर पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। दोनों शनिवार रात जब घर नहीं पहुंचे तो सुबह में उनके परिजनों ने गुमशुदगी की सूचना देने के लिए राजाभिट्ठा थाना पहुंचे। इसी दौरान देवीपुर के मुखिया सुबोध माल ने फोन से थाना प्रभारी को दो शव के बारे में सूचना दी। परिजन वहां पहुंचे और दोनों की शिनाख्त की। फिर थाना प्रभारी सीताराम मुर्मू ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों रिश्ते में मामा-भांजा बताए गए।

चार्लिस मरांडी के पुत्र ज्योतिन मरांडी व जुनास मरांडी ने पुलिस को बताया कि गांव में सड़क का निर्माण चल रहा है। दो दिन पूर्व ग्राम प्रधान ने जेसीबी रोककर स्थानीय लोगों को काम देने की मांग की थी। इसी क्रम में विवाद हुआ था। रौसवेल ने एक-दो दिन पूर्व गांव में एक पंचायत भी की थी। संभव है उसी रंजिश के कारण हत्या कर दी गई हो। चार्लिस व भांजा रौसवेल के घर भी रोहड़ा गांव में ही हैं। पथरगामा प्रभाग की पुलिस निरीक्षक रेणु गुप्ता ने बताया कि परिजनों ने आपसी दुश्मनी की कोई बात नहीं बताई गई है। शीघ्र ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।