GORAKHPUR: छह पूजा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है। हर साल की अपेक्षा इस बार लोगों की ज्यादा भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसलिए प्रमुख छठ घाटों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की तैयारी चल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सादे लिबास में महिला पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। चेन स्नेचिंग और छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने के लिए अलग से तैयारी की जा रही है। सुरक्षा के लिए चार से अधिक पुलिस कर्मचारियों की तैनाती होगी। एडिशनल एसपी के जिम्मे हर क्षेत्र की निगहबानी होगी.

चार सौ पुलिस कर्मचारी करेंगे निगहबानी

करीब 50 जगहों पर छठ पूजा की तैयारी की जा रही है। इनमें राप्ती नदी, महेसरा ताल, रामगढ़ झील सहित कई स्थान प्रमुख से शामिल हैं। नदियों और गहरे तालाबों के किनारे बनने वाले पूजा स्थलों पर सुरक्षा के अलग इंतजाम करने की कवायद हुई है। हर घाट पर पुलिस-पीएसी के अलावा एनडीआरएफ के गोताखोरों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इन सभी जगहों पर कम से कम एक सब इंस्पेक्टर, चार कांस्टेबल और दो महिला कांस्टेबल मौजूद रहेंगी। राप्ती नदी, महेसरा ताल और अन्य प्रमुख जगहों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। सीसीटीवी कैमरे और वीडियो कैमरे भी यूज किए जाएंगे। इसके लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।

 

इन क्षेत्रों में इतने छठ घाट

तिवारीपुर- 05

राजघाट - 04

कैंट - 06

खोराबार - 11

गोरखनाथ- 02

शाहपुर - 07

चिलुआताल- 03

गुलरिहा - 08

अन्य- 04

 

वर्जन

छठ पूजा को देखते हुए पुलिस की तैयारी चल रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल लगाया जाएगा। प्रमुख नदी घाटों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी।

विनय कुमार सिंह, एसपी सिटी