RANCHI : बेटी का पीजी में एडमिशन लेना है। खूंटी से फॉर्म सबमिट करने के लिए आए थे। यहां आकर पता चला कि रांची बंद की वजह से पीजी डिपार्टमेंट्स में भी ताला लटका है। फॉर्म जमा करने का भी लास्ट डेट था। अब पता नहीं फॉर्म जमा होगा या नहीं। गुरुवार को मोरहाबादी स्थित पीजी कैंपस में हिंदी डिपार्टमेंट के पास खड़े हरिहर राम ने अपनी परेशानी कुछ यूं बताई। दरअसल गुरुवार को पीजी एडमिशन की लास्ट डेट होने की वजह से बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स व उनके पैरेंट्स फॉर्म जमा करने के लिए पीजी डिपार्टमेंट्स मे पहुंचे हुए थे, बंद का खौफ कुछ ऐसा था कि पीजी डिपार्टमेंट्स में ताला ही नहीं खुला।

कैंपस में पसरा रहा सन्नाटा

गुरुवार को रांची बंद की वजह से कॉलेजेज के कैंपस में सन्नाटा पसरा रहा। रांची यूनिवर्सिटी हेडक्वार्टर में भी बंद का असर दिखा। यहां ऑफिस तो खुले थे, पर कम ही स्टाफ्स आए हुए थे। चूंकि, पीजी फॉर्म सबमिट करने का लास्ट डेट था और पीजी डिपार्टमेंट्स बंद थे। ऐसे में कई स्टूडेंट्स यूनिवर्सिटी हेडक्वार्टर पहुंचकर फॉर्म जमा करने के बाबत जानकारी मांगी। यहां उन्हें बताया गया कि फॉर्म पीजी डिपार्टमेंट में ही जमा होंगे। जब स्टूडेंट्स मोरहाबादी स्थित पीजी डिपार्टमेंट पहुंचे तो यहां ताला लटका था। पूछे जाने पर गार्ड ने बताया कि सुबह दस बजे कुछ बंद समर्थक आए थे, उसके बाद ही डिपार्टमेंट्स को बंद कर दिया गया।

नहीं चले क्लासेज

पीजी डिपार्टमेंट्स और कॉलेजेज में काफी कम संख्या में स्टूडेंट्स आए थे, जिस वजह से यहां क्लासेज नहीं चले। हालांकि, रांची कॉलेज, रामलखन सिंह यादव कॉलेज, रांची वीमेंस कॉलेज, एसएस मेमोरियल कॉलेज और जेएन कॉलेज में काउंटर्स खुले थे, ताकि स्टूडेंट्स पीजी का एडमिशन फॉर्म जमा कर सकें।

पीजी फॉर्म जमा करने की तारीख बढ़ी

रांची यूनिवर्सिटी एडमिनिस्ट्रेशन ने पीजी में एडमिशन को लेकर फॉर्म सबमिट करने की डेट बढ़ा दी है। अब दो अगस्त तक पीजी डिपार्टमेंट्स में फॉर्म जमा किए जा सकते हैं। आरयू के डीएसडब्ल्यू डॉ सतीश चंद्र गुप्ता ने बताया कि गुरुवार को रांची बंद और शुक्रवार को झारखंड बंद के मद्देनजर फॉर्म भरने की अंतिम तारीख बढ़ाई गई है।