शहर के पांच रेस्टोरेंट्स में व‌र्ल्ड हंगर डे पर दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने चलाया विशेष अभियान

ALLAHABAD: जी हां, जितना खा सकें, उतना ही थाली में लें। खाने का वेस्टेज न करें तो बेहतर होगा। व‌र्ल्ड हंगर डे पर दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने लोगों तक इस महत्वपूर्ण मैसेज को पहुंचाने की जिम्मेदारी ली। ऐसा इसलिए कि खाने की बर्बादी के चलते रोज करोड़ों लोगों तक भोजन नहीं पहुंच पाता और वे भूखे सोने को मजबूर हो जाते हैं। रविवार को शहर के पांच रेस्टोरेंट्स में इस एक्टिविटी के जरिए लोगों को यही जानकारी दी गई।

पब्लिक से मिली सराहना

हमारी टीम रविवार को शहर के होटल कान्हा श्याम, श्रीहोटल वृंदावन, किड रियाज रेस्टोरेंट, आर्यन व सब वे रेस्टोरेंट पहुंची। हमने यहां पर लंच करने आए लोगों से मुलाकात की। उनको अपने उद्देश्य के बारे में बताया। इसे जनता ने तहेदिल से सराहा। उनको स्पेशल मैसेज वाली टेबल मैट्स प्लेस की गई और होटल स्टाफ ने कस्टमर को हाफ प्लेट फूड ही सर्व किया। लोगों ने भी कहा कि यह बेहतरीन इनीशिएटिव है। हमारे देश में बहुत से लोगों तक भरपेट भोजन नही पहुंच रहा है ऐसे में प्लेट में एक्स्ट्रा खाना लेकर उसे कूड़े में फेकना कहां तक ठीक होगा। हमारी इस एक्टिविटी को देखकर रेस्टोरेंट्स में मौजूद दूसरे लोगों ने भी एप्रिशिएट किया और वादा किया आगे से वे खाने का वेस्टेज नहीं करेंगे। हालांकि हमारा यह प्रयास तभी सफल होगा जब अधिक से अधिक लोग ऐसा संकल्प लें।