पुराने नोट बने मुसीबत, रुमाल व मास्क बांधकर काम कर रहे कैशियर

ALLAHABAD: नोट बंदी के बाद उपजी कैश क्राइसिस से लोग अनजान नहीं हैं। बैंकों के बाहर लगी लंबी लाइनों को पैसे बांटने के लिए अलग-अलग जुगत लगाई जा रही है। मजबूरी में बैंक उन पुरानी नोटों को बांट रहे हैं, जिनको आरबीआई को वापस किया जाना था। अब इन नोटों से उड़ने वाली धूल बैंक कर्मचारियों के लिए मुसीबत का सबब बनती जा रही हैं। जिससे बचने के लिए कैशियर मास्क और रुमाल बांधकर काउंटर पर काम कर रहे हैं।

गड्डी खोलते ही सांस लेना मुश्किल

हालात यह हैं कि कई साल पुराने दस, बीस, पचास और सौ के नोटों को काउंटर से बांटा जा रहा है। इनमें मोटी धूल की परत जमी हुई है। इससे सांस लेना मुश्किल हो रहा है। कुछ बैंक कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें अस्थमा और एलर्जी की प्रॉब्लम है। इससे बचने के लिए मास्क पहनना पड़ रहा है। इलाहाबाद बैंक मे यह दृश्य आम है। बैंक ऑफ बड़ौदा, एसबीआई समेत अन्य बैंकों में भी कर्मचारी रुमाल बांधकर नोट गिन रहे हैं। उधर, कुछ बैंकों के प्रबंधन ने पुराने नोट से बचने के लिए कर्मचारियों को मास्क पहनने की सलाह दी है।

बॉक्स

काउंटर पर पहुंचकर हो गए वापस

नोटों पर लिखने की गंदी आदत का खामियाजा लोगों को अब भुगतना पड़ रहा है। हजार और पांच सौ के नोट बदलने पहुंच रहे लोगों को काउंटर से ऐसे नोटों के चलते वापस किया जा रहा है। आरबीआई ने भी नोटों पर नहीं लिखने के निर्देश हाल ही में जारी किए हैं। लेकिन, पूर्व के वर्षो में नोटों पर लिखना लोगों का शौक रहा है जिसका परिणाम अब सामने आ रहा है। इसी तरह 2005 से पुराने पांच सौ के नोटों को भी बैंक स्वीकार करने से इंकार कर रहे हैं। यह भी लोगों के लिए सिरदर्द बना हुआ है।

वर्जन

ठंड के मौसम में धूल से अधिक दिक्कत होती है। जिससे अस्थमा और एलर्जी की दिक्कतें पैदा होने लगती हैं। जिन लोगों के पास पुराने नोट हैं उन्हें नाक पर मास्क लगाकर इन्हें गिनना चाहिए। अधिक देर तक इस वातावरण में रहने पर दिक्कत बढ़ सकती है।

डॉ। आशुतोष गुप्ता, चेस्ट स्पेशलिस्ट

नकदी की मांग से निबटने के लिए सौ या उससे कम मूल्य के पुराने बंडल चेस्ट से निर्गत हो रहे हैं। ऐसे नोटों में धूल और अजीब स्मेल रहती है। इससे बचने के लिए कैशियर फिलहाल रुमाल बांधकर या मास्क पहनकर बैंकों में नोट गिन रहे हैं। उनको एहतियातन ऐसा करने की सलाह दी जा रही है।

अश्वनी तिवारी, पीएनबी अधिकारी संगठन अध्यक्ष इलाहाबाद मंडल