- बस एक दिन चलकर खत्म हो जाता है स्पेशल अभियान

- बिना नतीजे पर पहुंचे दम तोड़ गए आधा दर्जन अभियान

Meerut: मेरठ में पुलिस के अभियान सिर्फ दिखावे के लिए चल रहे हैं। एक अभियान पूरा होता नहीं कि दूसरा अभियान शुरू कर दिया जाता है, पिछले तीन माह में कई अभियान चले और खत्म हो गए। लेकिन आज तक एक पर भी अमल नहीं हो सका।

ई रिक्शा अभियान

जनवरी में बिना रजिस्ट्रेशन की ई-रिक्शा के खिलाफ अभियान चलाने का हल्ला मचा था। लेकिन एक दिन चलकर अभियान बंद हो गया। जबकि शहर में 3000 ई-रिक्शा में करीब 2850 ई रिक्शा बिना रजिस्ट्रेशन के दौड़ रहे हैं। इनके लिए बनाए गए रूट भी लागू नहीं किए जा सके।

नो टेम्पो जोन अभियान

फरवरी में एसएसपी के आदेश पर बेगमपुल से मेडिकल नो टेम्पो जोन घोषित किया गया था। लेकिन रूट पर जमकर टेम्पो दौड़ रहे हैं। अभियान दो दिन चलकर बंद हो गया।

वर्दी अभियान

हाल ही में टै्रफिक पुलिस ने टेम्पो की ड्रेस निर्धारित की थी। बिना ड्रेस में होने वाले ड्राइवर्स के खिलाफ अभियान चलाया था। लेकिन किसी भी टेम्पो ड्राइवर ने ड्रेस नहीं पहनी। अब पुलिस उसे छोड़कर हेलमेट अभियान चलने में जुटी है।

अवैध कट

टै्रफिक पुलिस ने अवैध कट के खिलाफ भी अभियान चलाया था। लेकिन एक दिन चलकर वह भी फुस्स हो गया। जबकि अकेले दिल्ली रोड पर दर्जनों अवैध कट पुलिस का मुंह चिढ़ा रहे हैं।

सोमवार को 50 चालान

पुलिस ने सोमवार को भी अभियान चलाया, जिसमें साकेत चौराहे, तेज गढ़ी चौराहे, जीरो माइल चौराहे सहित शहर के विभिन्न स्थानों से कुल 50 चलान किए। इसमें 17 चलान बिना हेलमेट, 10 चलान तीन सवारी, व 11 काली फिल्म लगी गाडि़यों के खिलाफ कार्रवाई की। बिना वर्दी ऑटो चलाने पर 10 चालान किए गए।

शहर में इस समय हेलमेट और काली फिल्म के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार से टेम्पो चालकों की ड्रेस को लेकर अभियान चलेगा। उच्चाधिकारियों के आदेश पर अभियान चलाए जाते हैं।

-डीडी दीक्षित, टीएसआई

---