- शुक्रवार सुबह हत्यारोपियों की मां का शव भी फांसी पर लटकता मिला

- नाली-खडंजा को लेकर दोनों पड़ासियों में चल रहा था विवाद

-हत्या या आत्महत्या में उलझा आरोपियों की मां के मौत का रहस्य

UNNAO: औरास थाना क्षेत्र के गांव प्रतापखेड़ा में गुरुवार रात नाली खड़ंजा को लेकर हुए विवाद में पड़ोसियों ने 65 वर्षीय वृद्ध राजनी की बांका से काट कर हत्या कर दी। चीखपुकार करने पर हत्यारोपी भाग निकले। वहीं शुक्रवार सुबह संदिग्ध हालत में आरोपियों की 70 वर्षीय मां नन्ही का शव फांसी पर लटकता मिला। चर्चा है कि प्रतिशोध में नन्हीं की हत्या कर शव लटकाया गया है या फिर बेटों की करतूत की दहशत में वृद्धा ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस भी हत्या और आत्महत्या के बीच उलझी हुई है।

विरोध करने पर बोला हमला

मृतका रजनी पत्नी स्वं। ठकुरी गांव में अपनी विधवा बहू बिसुना और उसके दो बेटों दिनेश 14 वर्ष व महेश 12 वर्ष के साथ रहती थी। पड़ोस में स्वं। बक्कस की पत्नी नन्हीं अपने बेटों शिशुपाल व विशुननाथ के साथ रहती थी। नन्ही के पुत्रों शिशुपाल व विशुननाथ गुरुवार को रात लगभग 10 बजे नशे में धुत होकर रजनी के दरवाजे पहुंचे। और दिन में घर के सामने से नाली निकालने को लेकर रजनी की बहू विशुना के साथ गाली गलौज करने लगे। सास बहू ने विरोध किया तो शिशुपाल और विशुननाथ ने अपने साथ रहे लोगों के साथ विशुना पर हमला बोल दिया। यह देख विशुना ने अपने पुत्रों दिनेश और महेश को लेकर घर के अंदर घुस दरवाजा बंद कर लिया। विशुना की सास रजनी बाहर रह गई। हमलावरों ने बांका से वार कर रजनी को मौत के घाट उतार दिया। चीख पुकार सुन गांव के लोग दौड़ पड़े। यह देख हमलावर भाग निकले।

बदला या फिर आत्महत्या

रजनी की हत्या कर दिए जाने की जानकारी पाकर आरोपी शिशुपाल और विशुननाथ की मां नन्ही गांव के प्रधान समेत कई लोगों के यहां मदद मांगने गई। मामला हत्या का होने से सभी ने हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद नन्हीं घर चली गई। शुक्रवार को सुबह 70 वर्षीय नन्ही का शव फांसी पर लटकता मिला तो गांववालों के होश उड़ गए। नन्ही ने फांसी लगाकर जान दी या फिर वह बदले की कार्रवाई का शिकार हुई, पुलिस इसकी जांच में लगी है।

वो भाग नहीं पाई

मृतका रजनी की बिधवा बहू और पौत्रों दिनेश व महेश ने बताया कि हत्यारोपी विशुननाथ कुछ समय पहले ही बिहार प्रांत की एक लड़की को लाया था। उसके घर बिहार प्रांत के लोग भी आए थे। सुबह से ही शराब की दावत चल रही थी। वे दिन में भी कई बार गाली गलौज कर चुके थे। रात में शिशुपाल और विशुननाथ तथा उनके घर आए बिहार प्रांत के लोगों ने अचानक हमला बोल दिया। रजनी भागकर अंदर नहीं जा पाई। नशे में धुत हमलावरों ने बांका से काटकर रजनी की हत्या कर दी। हत्या की सूचना पाकर थाना प्रभारी रणजीत सिंह भदौरिया व सीओ बांगारमऊ मौके पर पहुंचे। घटना की छानबीन कर आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम भेजी गई है।

पीएम रिपोर्ट खोलेगच् सच्चाई

ग्रामीणों ने बताया कि विशुननाथ और मृतका रजनी के देवर बहादुर के लड़के तेजपाल दोनों ने बिहार प्रांत में शादी की है। दोनों के यहां रिश्तेदार आए थे। इससे पूरा दिन शराब आदि की दावत चली। नशा खोरी के बाद ही शिशुपाल ने नाली और खड़ंजा को लेकर पहले से चल रहे विवाद में रजनी के घर पर चढ़ाई कर दी। थाना प्रभार रणजीत सिंह भदौरिया ने बताया कि मृतका रजनी की बहू ने शिशुपाल और विशुननाथ सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। क्षेत्राधिकारी ने कहा दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में नन्हीं की मौत का जो कारण पाया जाएगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

----

हत्या या आत्महत्या में उलझा नन्ही की मौत का रहस्य

पुलिस और गांव के कुछ लोगों का कहना है क रजनी की हत्या में आरोपित शिशुपाल की 70 वर्षीय मां नन्हीं ने बेटों द्वारा हत्या किए जाने से घबरा कर आत्महत्या कर ली। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि नन्ही का शव फांसी पर लटक रहा था उसके पैर जमीन पर रखे थे। इससे घटना संदिग्ध मानी जा रही है। गांव के कुछ लोगों ने दबी जुबान से सवाल उठाया कि यह भी हो सकता है कि रजनी की हत्या के प्रतिशोध में घर में अकेली रही हत्यारोपियों की मां नन्ही को मारकर लटका दिया गया हो। थाना प्रभारी ने कहा कि इस संभावना को नकारा नहीं जा सकता है। पोस्टमार्टम रिपोटच्च्से सच्चाई सामने आएगी।