- अपर नगर आयुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों को दिए लिस्ट तैयार करने के निर्देश

- मुख्य सचिव उप्र। शासन द्वारा जारी आदेश के बाद उठाया जा रहा है कदम

abhishek.mishra@inext.co.in

LUCKNOW: नगर निगम में अलग-अलग विभागों में लंबे समय से जमे कर्मचारियों की अब कुंडली तैयार हो रही है। जिसके तहत यह पता लगाया जा रहा है कि कौन-कौन से कर्मचारी तीन साल या उससे अधिक समय से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अपर नगर आयुक्त की ओर से नगर निगम के सभी विभागाध्यक्षों और अधिकारियों को कर्मचारियों की लिस्ट तैयार कर तत्काल भेजने के निर्देश दिए गए हैं। जिसके बाद विभागाध्यक्ष और अधिकारी कर्मचारियों की लिस्ट बनाने में भी जुट गए हैं। वहीं इस निर्णय से सालों से जमे कर्मचारियों के दिलों की धड़कने बढ़ गई हैं।

तीन मई को आया शासनादेश

जानकारी के अनुसार, मुख्य सचिव उप्र। शासन की ओर से तीन मई 2017 को इस संबंध में शासनादेश संख्या 2ख्/2017/1/3/96-क-4-20177 जारी किया गया है। जिसमें साफ है कि सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के संबंध में पूर्व में जारी स्थानांतरण नीति विषयक समस्त शासनादेशों को अवक्रमित करते हुए, शासन द्वारा वर्ष 2017-18 के लिए स्थानांतरण नीति निर्धारित की गई है। जिसका अवलोकन किया जाना है।

तीन वर्ष समयावधि निर्धारित

शासनादेश में आदेशित किया गया है कि समूह ग के कार्मिकों का प्रत्येक तीन वर्ष के उपरांत पटल परिवर्तन कर दिया जाए। इसका अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही ऐसे कर्मचारियों की लिस्ट भी तैयार की जाए, जो तीन वर्ष तक कार्यरत रहे हों। इस शासनादेश के आने के बाद आनन-फानन में निगम प्रशासन ने कर्मचारियों की लिस्ट बनानी शुरू कर दी है।

यह होता है समूह ग

जानकारी के अनुसार, समूह ग में बाबू से लेकर माली, चालक और सफाई कर्मचारी शामिल होते हैं।

कोट

शासनादेश के अनुसार, कर्मचारियों की लिस्ट बनवाई जा रही है। इस बाबत सभी विभागाध्यक्षों और अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस लिस्ट की समीक्षा भी नियमित रूप से होगी।

नंदलाल सिंह, अपर नगर आयुक्त