सिटी मजिस्ट्रेट, अपर नगर आयुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण

कोई भी दुकानदार नहीं दिखा सके कागजात, अब कार्रवाई होगी

फीरोजाबाद: नगर निगम की जमीन पर अवैध रूप से काबिज अस्थाई दुकानों पर आज महाबली चल सकता है। प्रशासनिक व नगर निगम अधिकारियों ने रविवार को मौके पर पहुंच दुकानदारों को स्वयं दुकानें हटाने की चेतावनी दी है।

संत टॉकीज के समीप नगर निगम की जमीन पर अवैध दुकानें रखी हुई हैं। पूर्व में नगर निगम इनसे तहबाजारी लेता था। कई साल पूर्व आग लगने से दुकानदारों का काफी नुकसान हुआ था। उस दौरान कुछ समय के लिए तहबाजारी माफ कर दी थी। उसके बाद से ये दुकानें अवैध रूप से काबिज चली आ रही हैं। बीते दिनों डीएम विजय किरन आनंद को दिए शिकायती पत्र में नगर निगम की जमीन पर अवैध रूप से रखी दुकान हटवाने को कहा गया था। डीएम ने जांच सिटी मजिस्ट्रेट रवींद्र कुमार को सौंपी थी। सिटी मजिस्ट्रेट ने इस संबंध में नगर निगम से जानकारी भी जुटाई है। रविवार को सिटी मजिस्ट्रेट रवींद्र कुमार और अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार मौके पर गए। उन्होंने दुकानदारों से दुकान संबंधी रसीद आदि कागजात दिखाने के लिए कहा। दुकानदारों ने केवल तहबाजारी की रसीद दिखाई। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा तहबाजारी तो कई साल पहले समाप्त हो चुकी है। उन्होंने सभी से अपनी दुकानें हटाने के लिए कहा है, अन्यथा की स्थिति में सोमवार को दुकानें हटवाने की चेतावनी दी है।