भाजपा में बाहरियों की एंट्री से पार्टी में भड़की अंतर्कलह की चिंगारी

बौखलाए कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर दी सामूहिक इस्तीफे की धमकी

ALLAHABAD: सपा का दंगल देखकर ऊब चुकी जनता के सामने अब भाजपाइयों का अखाड़ा सज गया है। पार्टी में बाहरी नेताओं को मिल रही तरजीह ने अंतर्कलह की चिंगारी को हवा दे दी है। भाजपाई शुक्रवार को तब आपे से बाहर हो गए जब पता चला कि पूर्व मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी और मेयर अभिलाषा गुप्ता ने दिल्ली में प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्या की अगुवाई में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। महीनों से मेहनत कर रहे पार्टी कैडर के नेता शहर दक्षिणी और शहर उत्तरी से बाहरियों को टिकट दिए जाने की संभावना से भड़क उठे। नाराज भाजपाईयों ने पार्टी कार्यालय पर धरना देते हुए सामूहिक इस्तीफे की धमकी भी दे डाली। पार्टी कार्यालय पर दोपहर दो बजे के बाद बढ़ी गरमा गरमी का आईनेक्स्ट रिपोर्टर ने लाइव दर्शन किया। पढि़ए किसने क्या कहा।

कोई समझौता न होई

शहर दक्षिणी से चुनाव की तैयारी कर रहे एक प्रत्याशी से कार्यकर्ता ने कहा, अब तो आप चुनाव न लड़ पईहैं। तभी प्रत्याशी गुस्से में आग बबूला होते हुए बोल पड़े नै-नै चुनाव त लड़बै यार। चुनाव तो लड़ेंगे 101 परसेंट तय है। जिल्लत की जिंदगी जीने से अच्छा स्वाभिमान की मौत अच्छी है। नै-नै चुनाव हम लोग लड़ेंगे। कोई समझौता नै होई।

धरना न देव रणनीति बनाओ

धरने पर बैठे पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे भाजपा नेता विजय मिश्रा ने कहा देखिये दिल्ली में ये तय हो चुका है दक्षिणी से अभिलाषा गुप्ता, उत्तरी से हर्ष बाजपेयी और पश्चिमी से सिद्धार्थ नाथ सिंह चुनाव लड़ेंगे। अब यहां धरना-प्रदर्शन से कुछ ना होई। अब रणनीति बनाइए, आगे क्या करना है, इसके बारे में सोचिए।

धरना न रोको भइया

तभी पदुम जायसवाल, बोले अभी हम लोगन के पास टाइम बहुत है। अगर किसी को लड़ाना है, खड़ा करना है तो टाइम बहुत है। अभी चार-छह दिन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। यहां बैठ कर हम लोग रणनीति बनाएंगे। धरना चलने दीजिए भइया। तभी पीछे से आवाज आई भाई, उन्होंने तो घोषणा कर दिया। हम विरोध तो करेंगे ही। अगर नहीं मानते हैं तो सब सामूहिक इस्तीफा देंगे, भाजपा से।

बाहरियों को जीतने नहीं देंगे

इसी बीच एक कार्यकर्ता ने चुटकी लेते हुए कहा कि टिकट पाकर तो बाहरियों में खुशी का पड़ाका बज रहा है। गुस्से में जवाब देते हुए पदुम जायसवाल बोले। हां बज रहा है, पड़ाका नगाड़ा सब बज रहा है। अब इनका हराय के हम पड़ाका बजाएंगे। बाहरियों के विरोध में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।

कहा सुनी और हाथापाई भी हुई

इसी बीच मीरापुर मंडल अध्यक्ष विष्णु पहुंचे। जिन पर कुछ लोगों ने विरोध न करने का आरोप लगाया। जिसको लेकर एक कार्यकर्ता से जमकर बहस हुई और हाथापाई भी हुई। जिसे लोगों ने शांत कराया।