RANCHI: बुधवार को एक स्कूली लडके को फेसबुक पर स्कूली छात्रा से दोस्ती महंगी पड़ गई। परिजनों ने लडकी का पीछा करने और सुनसान स्थान पर मिलता देख लिया। इसके बाद लड़के की जमकर पिटाई कर दी। लोगो ने बाद में पीसीआर वैन को बुलाया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के पिंजरापोल की है। हालांकि, बाद में लड़की के परिजनों से समझौता कर पीआर बांड भरवाकर लड़का को छोड़ दिया गया।

क्या है मामला

पुलिस के मुताबिक, युवक हरमू का रहनेवाला है। उसने पुलिस को बताया है कि लड़की से फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। इसके बाद दो साल फोन पर बातचीत होती रही। बुधवार को उसने लड़की को हरमू रोड स्थित विशाल मेगामार्ट बुलाया। इसके बाद जब लड़की यहां मिलने के बाद वापस जाने लगी तो लड़का भी उसके पीछे-पीछे चल दिया। पिंजरापोल के पास लड़की के परिजनों ने लड़के को साथ में देख लिया। परिजनों ने लड़के के बारे में जानकारी लेनी चाही तो वह भागने लगा। इसी क्रम में लोगों ने उसे पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। फिर उसे कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया। इधर, लड़की ने भी पुलिस को बताया कि लडका अक्सर उसका पीछा करता था और तंग करता था। इसकी शिकायत परिजनों से की थी। इसके बाद लड़के को पकड़ा गया। जब उससे पूछा गया कि वह युवक से प्यार करती है तो उसने साफ इन्कार कर दिया।

आइपीएस व आइएएस की पैरवी

युवक के साथ मारपीट की सूचना पर एएसआई अमर सिंह पहुंचे और युवक लोगों से बचा लिया। लड़का का पिता बिहार में ठेकेदारी करता है। उसके बड़े अंकल झारखंड के किसी जिले में एसडीएम हैं। लड़के को छुड़ाने के लिए रांची के एक आईपीएस व एक आईएएस ने भी पैरवी की। लड़की के परिजनों से समझौता और युवक द्वारा भविष्य में दोबारा ऐसा नहीं करने का पीआर बांड भरवाने के बाद उसे छोड़ दिया गया।