हॉट स्टॅफ चौराहे पर गर्लफ्रेंड को दूसरे युवक के साथ देख भड़का आशिक

भरे चौराहे पर जड़ दिए थे थप्पड़, गर्लफ्रेंड के आशिक से हुई थी बहस

ALLAHABAD: धोबी घाट चौराहे पर गुरुवार की शाम दो बाइक पर सवार आधा दर्जन लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करके सनसनी फैला दी। फायरिंग करने वालों के निशाने पर एक युवक था। जान बचाने के लिए वह समीप स्थित एक रेस्टोरेंट में घुसा तो वहां भी फायर किया गया। चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस के साथ तैनात होमगार्ड के जवानों ने फायरिंग करने वालों की तरफ बढ़ने की कोशिश की तो उनकी तरफ भी फायर किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने एलर्ट घोषित करते हुए चेकिंग शुरू करवाई लेकिन कोई पकड़ा नहीं जा सका। पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज जरूर मिल गया है जिसमें दो बाइक से छह लोग जाते हुए दिख रहे हैं।

रेस्टोरेंट से निकलते ही घेर लिया

पूरा घटनाक्रम धोबी घाट मस्जिद से सटी लेन से लेकर हॉट स्टॅफ चौराहे के बीच हुआ। बताता जा रहा है कि धोबीघाट चाराहे के पास वाली गली में रहने वाले एक युवक का चक्कर कुछ दूरी पर रहने वाली युवती के साथ है। गुरुवार की शाम इस युवक के साथियों ने उसे बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड किसी दूसरे के साथ हॉटस्टफ चौराहे के समीप स्थित एक रेस्टोरेंट में है। इस पर आग बबूला होकर युवक वहां पहुंच गया। संयोग से उसने गर्लफ्रेंड को अपने कथित ब्वॉयफ्रेंड के साथ बाहर आते हुए देख लिया। इस पर उसने लड़की को थप्पड़ जड़ दिए। उसके साथ मौजूद युवक ने रोकने की कोशिश की तो उससे भी बहस हो गई। किसी तरह मामला सलटा और दोनो पक्ष चले गए।

लड़की से पता पूछकर पहुंचे हमला करने

लड़की के साथ मौजूद युवक ने थप्पड़ मारने वाले का पूरा डिटेल लिया और इसकी सूचना अपने साथियों को देकर बुला लिया। शाम छह बजे के करीब दो बाइकों पर सवार आधा दर्जन युवकों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। उनकी यह हरकत मस्जिद से सिविल लाइंस की तरफ जाने वाली सड़क पर स्थित एक पार्लर के सामने लगे कैमरे में कैद हो गई। दूसरे चक्कर में थप्पड़ मारने वाला युवक धोबी घाट चौराहे के समीप दिख गया तो उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग झोंक दी गई। यह देखकर आसपास के लोग सन्नाटे में आ गए। जान बचाने के लिए युवक भागा तो उसका पीछा कर लिया गया। सूत्रों के अनुसार संयोग से उस वक्त एसओ मऊआइमा की गाड़ी भी वहां मौजूद थे। उन्होंने भी पीछा करने की कोशिश की थी। बाद में पहुंची पुलिस ने सुराग खंगालने शुरू कर दिए।

फायरिंग की सूचना मिलने पर पहुंचा था। अभी लड़कों के बारे में कुछ पता नहीं चला है। पुलिस अपना काम कर रही है।

-महेश पांडेय

एसओ सिविल लाइंस