- एक अधिवक्ता पर फर्जी तरीके से नोटिस भेजने का आरोप

- फैक्ट्री में कार्यरत मजदूरों का शोषण करने का लगाया था आरोप

फीरोजाबाद : खुद को राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस का जिला महामंत्री बताने वाले एक अधिवक्ता पर फर्जी तरीके से उद्यमियों को नोटिस भेजने का मामला सामने आया है। ट्रांसपेरेंट ओवरसीज के साझीदारों ने हिदायत दी है कि वे बिना सही जानकारी के नोटिस ने भेजें।

दरअसल ट्रांसपेरेंट ओवरसीज को जिला महामंत्री द्वारा 9 फरवरी को एक नोटिस भेजा गया था। जिसमें आरोप लगाया गया था कि उनकी फैक्ट्री में कार्यरत मजदूरों का शोषण किया जा रहा है। उन्हें न्यूनतम मजदूरी भी नहीं दी जा रही। नोटिस के साथ कर्मचारियों की एक सूची भी भेजी गई। जिसके संबंध में नोटिस में कहा गया था कि उन कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया गया है। फैक्ट्री के साझीदार का कहना है कि सूची में शामिल कोई व्यक्ति उनके कारखाने में कार्यरत नहीं है। उनका आरोप है कि वैधानिकता न होने के बावजूद अधिवक्ता द्वारा राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के लैटर पैड पर अन्य उद्यमियों को भी नोटिस भेजे जा रहे हैं।