- रुपए देना बंद किया तो परिवार ने तोड़ लिया नाता

- पंजाब में रहकर कमाता था सिक्टौर का अशोक, न्याय के लिए लगा रहा पुलिस अफसरों के चक्कर

द्दह्रक्त्रन्य॥क्कक्त्र: सारे रिश्ते-नाते रुपयों की बुनियाद पर टिके हुए हैं। मेहनत की गाढ़ी कमाई से बीवी-बच्चों का पालना पोषण करना महंगा पड़ गया। पत्‍‌नी और बच्चों पर रुपए खर्च करने से नाराज मां और भाईयों ने युवक को बेघर कर दिया। वह अपनी पत्‍‌नी और दो बच्चों के साथ दर-ब-दर भटक रहा है। पुलिस अफसरों से मिलकर उसने न्याय की गुहार लगाई है।

पत्‍‌नी बच्चों को साथ ले गया था पंजाब

चिलुआताल के सिक्टौर का अशोक कुमार चार भाईयों में तीसरे नंबर का है। दुनियादारी की समझ हुई तो वह अपने बड़े भाईयों के साथ पंजाब कमाने चला गया। मेहनत मजदूरी से मिलने वाली कमाई से अपना खर्च निकालकर अपने घरवालों को देने लगा। शादी होने के बाद वह दो बच्चों का पिता बन गया। आर्यन और आर्यमान स्कूल जाने लायक हुए तो वह पत्‍‌नी और बच्चों को पंजाब ले गया। वहां बच्चों का एडमिशन कराने के बाद उसका खर्च बढ़ता चला गया। इस वजह से घर रुपए भेजना बंद कर दिया।

खर्च बंद होने से बौखलाए फैमिली मेंबर्स ने किया बेघर

कुछ दिन पहले छुट्टियों में घर आने पर परिवार के लोगों ने उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। पत्‍‌नी सरिता, दो मासूम बच्चों आर्यन और आर्यमान के साथ पुलिस-प्रशासन के अफसरों का चक्कर लगा रहा अशोक काफी परेशान नजर आया। उसने कहा कि जब तक वह अपनी गाढ़ी कमाई मां और भाईयों को देता रहा तब तक घर में उसकी खूब आवाभगत होती रही। लेकिन बच्चों का खर्च बढ़ने से वह अब पैसे नहीं दे पा रहा है। उसके कमरे की लाइट काटकर फैमिली मेंबर्स उत्पीड़न कर रहे हैं। 16 जुलाई को चिलुआताल पुलिस ने केस दर्ज किया है।

आरोपी की शिकायत पर चिलुआताल पुलिस केस दर्ज करके कार्रवाई कर रही है। उसने मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दिया था।

परेश पांडेय, एसपी सिटी