केसीसी पर लिए गए कर्ज में डूबे किसान ने की आत्महत्या

प्रतापगढ़ नगर कोतवाली के खजोहरी गांव का है मृतक

ग्राहक ने देखा आंटा चक्की पर फंदे से लटकता हुआ उसका शव

pratapgarh@inext.co.in

PRATAPGARH ( 22 July ): कर्ज के बोझ से दबे एक किसान ने फांसी लगा कर जान दे दी। केसीसी यानी किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए वह ऋण ले रखा था। इस कर्ज का पैसा तमाम कोशिशों के बावजूद जमा न कर पाने से वे काफी परेशान था। उसके मौत की खबर परिजनों ने पुलिस या किसी अधिकारी को नहीं दी।

घटना से स्तब्ध हैं ग्रामीण

नगर कोतवाली क्षेत्र के खजोहरी गांव निवासी रामपाल मौर्य (55) खेती किसानी के साथ आंटा चक्की भी चलाता था। राम पाल का शव शुक्रवार की सुबह लगभग सात बजे चक्की पर फांसी के फंदे से झूलता मिला। चक्की पर एक ग्राहक पहुंचा तो लटकते हुए उसके शव देख देख उसके होश उड़ गए। उसने इस बात की सूचना मृतक के परिवार वालों को दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो उसका शव लटकता देख दहाड़ मार कर रो पड़े।

कर्ज अदायगी का था दबाव

परिजनों के मुताबिक दो साल पूर्व उसे फालिस मार दिया था। केसीसी का ऋण पचास हजार हो गया था। कर्ज बढ़ने के कारण वह अपना मानसिक संतुलन खो बैठा था। काफी दिन से वे कर्ज के पैसे को लेकर हैरान व परेशान रहता था। कर्ज का पैसा जमा करने को लेकर उस पर अधिकारियों का भी दबाव था। कहा जा रहा है कि कर्ज का पैसा चुकता न कर पाने की वजह से उसने फांसी लगा कर जान दे दी। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। चौकी प्रभारी सिटी वजीउल्ला ने बताया कि इस घटना के संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।