पिता ने कर डाला बेटी का सौदा

- हरियाणा के व्यक्तिसे जबरन करने वाला था शादी

- नाबालिग लड़की भागी मौसी के घर, मामला पहुंचा थाना

PATNA CITY: रुपए के लालची पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी के अरमानों को कुचलते हुए उसका सौदा कर डाला। चंद रुपए की खातिर पिता ने अपने ही हाथों बेटी को दो बच्चे के अधेड़ को सौंपने की पूरी तैयारी कर डाली। नाबालिग का सौदा करने वाला अधेड़ व्यक्ति हरियाणा का रहने वाला है। लड़की के पिता और लड़की को खरीदने वाले व्यक्ति के बीच में एक दलाल पिछले कुछ समय से दोनों के बीच डील में लगा था। लेकिन नाबालिग ने लालची लोगों की मंशा पर पानी फेर दिया। वह मौसी और मामी के साथ चौक थाना पहुंच गई। मामला चौक थाना के पाटी गली का है। नाबालिग लड़की मनोज प्रसाद की बेटी है। नाबालिग की मां की मौत पहले ही हो चुकी है।

दलाल के झांसे में आया पिता

मां नहीं होने से नाबालिग घर में अकेली रहती थी। दलाल कल्याण सिंह की नजर उस पर थी। दलाल ने पिता मनोज को झांसे में लेना शुरू किया। उसे रुपए का लालच दिया। मनोज बिना कुछ सोचे नाबालिग बेटी को बेचने का डील कर लिया।

शादी का दिया झांसा

नाबालिग सुनीता (बदला हुआ नाम) को पिता मनोज व दलाल कल्याण ने मालसलामी के लड़के से शादी कराने की झूठी बात कही। शादी का झांसा देकर नाबालिग को दिखाने का प्रोग्राम बनाया गया। सौदा तय होते ही हरियाणा का खरीदार पटना सिटी पहुंचा।

अधेड़ को देख उड़े होश

नाबालिग की मानें तो करीब क्भ् दिन पहले गुरुद्वारा में उसे दिखाया गया। वहां हरियाणा से आया खरीदार भी मौजूद था। कम उम्र के लड़के की जगह अधेड़ को देख नाबालिग के होश उड़ गए। तभी उसने पिता और दलाल की मंशा को जाना। उस समय वह चुप रही।

आंख से कैश लेते देखा

हरियाणा के खरीदार को नाबालिग सुनीता पसंद आ गई। गुरुद्वारा में ही उसने डेढ़ लाख रुपए में सौदा पक्का किया। मौके पर ही दलाल के हाथ में उसने डेढ़ लाख रुपए सौंपा। जिसे देखते ही सुनीता पूरी बात समझ गई।

लड़की भागी मौसी के घर

गुरुद्वारा में दिखाए जाने के बाद सुनीता घर लौटी। उसी दिन वह घर से पटना के भंवर पोखर स्थित मौसी के घर भागी। उस दिन से वह वहीं रह रही थी। इसकी जानकारी पिता को नहीं थी। वह उसे खोज रहा था। उसे बेटी के अरमानों की जगह अपनी डील की पड़ी थी। आखिरकार शनिवार को उसे पता चल गया कि सुनीता मौसी के घर है। देर शाम को वह सुनीता को जबरन घर ले आया।

पिता और दलाल अरेस्ट

संडे को मौसी और मामी के साथ सुनीता चौक थाना पहुंची। सुनीता ने खुद को बेचे जाने की बात बताई। पुलिस ने पिता और दलाल को बुलाया। एसएचओ ने दोनों से लंबी पूछताछ की। दोनों ने गलती स्वीकार की। मामला महिला थाना भेजा गया। जहां सुनीता के बयान पर एफआईआर दर्ज की गई। पिता व दलाल को अरेस्ट किया। पुलिस खरीदार को खोज रही है।