- कमला नगर से दिनदहाड़े गायब हो गया कपड़ा कारोबारी का बेटा

- जताई अपहरण की आशंका, एक घंटे बार घर की अलमारी में मिला

आगरा। कमला नगर में एक बच्चे के खेल ने शनिवार को परिजनों की हवाइयां उड़ दीं। दिनदहाड़े बच्चा गायब होने से कॉलोनीवालों के साथ पुलिस के भी होश उड़ गए। आनन-फानन में पुलिस और क्षेत्रीय लोगों ने बच्चे की तलाश शुरू कर दी। पूरा कमला नगर खंगाल डाला, लेकिन बच्चे का कुछ पता नहीं लगा। अपहरण की आशंका सताई जाने लगी। खोजबीन के एक घंटे बाद जब थक हारकर लौट परिवारीजनों को बच्चा घर की अलमारी में मिला, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

अचानक हो गया था गायब

कमला नगर डी 521, कन्हैया भवन निवासी अंकित मित्तल पुत्र प्रदीप मित्तल का सुभाष बाजार में कपड़ों का कारोबार है। शनिवार दोपहर एक बजे अंकित अपनी दुकान पर थे। उनका चार वर्षीय इकलौता पुत्र कनन घर में खेल रहा था। खेलते-खेलते अचानक वह गायब हो गया। परिजनों ने घर में इधर-उधर देखा, तो वह कहीं नहीं दिखा। पड़ोस में जानकारी की तो उन्होंने भी मना कर दिया।

जिसने भी सुना मौके पर पहुंच गया

जिसने भी बच्चे के गायब होने की सुनी, वह घर की ओर दौड़ लिया। घर के बाहर करीब 200 लोगों का जमघट था। कॉलोनी के लोग आसपास के क्षेत्र में बच्चे को ढं़ूढ़ने के लिए पैदल और बाइक पर निकल लिए, लेकिन बच्चे का कुछ पता नहीं लगा। पिता घर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी अपने स्तर से बच्चे की तलाश में जुट गई। परिजनों को बच्चे के किडनैप होने की आशंका सताने लगी।

कपड़ों के पीछे अलमारी में मिला

बच्चे को गायब हुए करीब एक घंटा बीत चुका था। तभी अचानक दादी ने उसका नाम पुकारा, तो अलमारी से आवाज आई। अलमारी खोल कर देखा तो कनन कपड़ों के पीछे छिपा बैठा था। मां ने उसे बाहर निकाल गले से लगा लिया। पिता ने पूछा यहां क्या कर रहे थे, तो कनक ने कहा कि 'मैं खेल रहा था'। बच्चे को पाकर परिवार में खुशी लौट आई। पुलिस को उसके मिल जाने की सूचना दे दी गई।

अभिषेक अब तक है बेसुराग

कमला नगर निवासी इंटीरियर कारोबारी संजय अग्रवाल के 14 वर्षीय बेटे अभिषेक का पांच जनवरी को अपहरण हो गया था। उसका अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस ने अपने सारे प्रयास कर लिए, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इस मामले में अभी तक अपहर्ताओं का कॉल भी नहीं आया है। परिजनों को जब भगवान से ही आस है।