बच्चों के साथ गई थी बहन के यहां

जाली काट कर दिया वारदात को अंजाम

आगरा। आम आदमी को तो छोडि़ए चोर पुलिस वालों के घर को ही नहीं छोड़ रहे हैं। बीती रात चोरों ने सिटी के अन्य एरिया के साथ-साथ एक महिला पुलिस कांस्टेबल का घर भी साफ कर दिया। चोर यहां से लाखों रुपए की ज्वैलरी सहित नकदी भी ले गए। चोर यहां पर अलमारी में रखी मेवा का नाश्ता भी कर गए।

घर में पड़ा था ताला

ब्लॉक ए-2 केदार नगर शाहगंज निवासी रुखसाना परवीन महिला थाने में सिपाही है। उसका पति शब्बीर अहमद पीएसी फतेहपुर में तैनात है जो वर्तमान में सीतापुर में ट्रेनिंग पर चल रहे हैं। महिला सिपाही की खंदारी निवासी बहन की तबियत खराब चल रही है। इसके चलते वह अपने बच्चों के साथ घर में ताला डाल कर वहां गई थी।

सूने मकान को बनाया निशाना

चोरों ने रात में किसी समय उसके मकान को निशाना बना लिया। चोर बाथरूम की जाली काटकर घर के अंदर प्रवेश कर गए। चोरों को यहां पर अलमारी में चाबी लगी मिल गई थी। यहां चोरों ने अलमारी खोल दी। अलमारी के अंदर अन्य संदूकों की चाबियां भी मिल गई थी।

खंगाल डाला पूरा घर

सभी चाबियां हाथ लगने के बाद चोरों की मौज आ गई। चोरों ने बारी-बारी हर संदूक को खोल डाला। उसमें रखा कीमती सामान बाहर निकाल लिया। चोर यहां पर आराम से वारदात को अंजाम देकर निकल गए।

लौटने पर पता चला

महिला सिपाही सुबह पांच बजे जब बच्चों सहित लौटी तो घर की हालत देख आंखे फटी रह गई। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पीडि़ता के मुताबिक चोर उसके यहां से आठ-दस तोले सोना व करीब डेढ़-दो लाख का कैश चोरी कर ले गए है। साथ ही चोरों ने अलमारी में रखी महंगी मेवा भी निकाल ली थी।