RANCHI : बरियातू स्थित डीएवी, पब्लिक स्कूल मतदान केंद्र पर गुरुवार की दोपहर लगभग तीन बजे उस वक्त अफरा-तफरी की स्थिति मच गई, जब भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने सबको खदेड़ कर भगाया। इस घटना के बाद यहां पुलिस फोर्स की संख्या बढ़ा दी गई, हालांकि शाम तक माहौल तनावपूर्ण रहा।

और बिगड़ गई बात

डीएवी, बरियातू मतदान केंद्र पर कांग्रेस की एक महिला नेता के पहुंचने के बाद भाजपा कार्यकर्ता उनका विरोध करने लगे। इसी बीच कुछ कार्यकर्ता उस महिला नेता की पिटाई की कोशिश करने लगे। मौके पर फोटो खिंच रहे एक अखबार के फोटोग्राफर के साथ भी भाजपाइयों ने हाथापाई की। देखते ही देखते कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने भिड़ गए, जिसमें कई लोगों को चोटें लगीं। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सबको खदेड़ कर भगाया।