हाशिमपुर रोड पर पुजारी के साथ मारपीट

- पूजा कर रही महिलाओं के साथ भी बदसलूकी, थाना घेरा

ALLAHABAD:

टैगोर टाउन में हाशिमपुर रोड स्थित प्राचीन काली मंदिर में शुक्रवार को एक दर्जन से अधिक लोगों ने हमला बोल दिया। लोग मंदिर में ग्रिल लगवाए जाने का विरोध करने लगे और पुजारी के साथ मारपीट की। मंदिर में दर्शन करने आई महिलाओं ने पुजारी को बचाने की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट व बदसलूकी की गई। घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद के लोग मौके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को शांत करवाया। इसके बाद पुजारी लोकल लोगों के साथ कर्नलगंज थाने पहुंचे और छह लोगों को नामजद करते हुए दर्जनों अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी।

लोगों को मंदिर में आने से रोका

पुजारी राजकुमार का आरोप है कि उनको पहले भी धमकी मिलती रही है। लोग मंदिर से उनको भगाने की कोशिश में लगे हैं। दर्शनार्थियों को भी मंदिर में आने से रोका जाता था। शुक्रवार को दिन में करीब 11 बजे वह ग्रिल लगवा रहे थे तभी आसपास के रहने वाले तीन लोग अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंच गए। उन्होंने काम रुकवा दिया और मजदूरों को डांटने लगे। पुजारी राजकुमार ने कहा कि उन्होंने रोका तो सभी उन पर टूट पड़े और बुरी तरह मारा-पीटा। बुजुर्ग पुजारी चीखने लगे तो कई महिला श्रद्धालु मदद को दौड़ीं लेकिन उनके साथ भी अभद्रता व मारपीट की गई। कर्नलगंज थाने पर इस घटना के बाद पुजारी के समर्थन में 50 से अधिक लोग पहुंच गए। विहिप के नेता भी आ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने तहरीर तो ले ली लेकिन रात तक एफआईआर नहीं दर्ज की।

दरोगा पर भड़के

विहिप नेता शिवम द्विवेदी का आरोप है कि जब पुजारी के साथ मारपीट की सूचना पर वह मंदिर पहुंचे तो पुलिस ने उनके साथ बदसलूकी की। विहिप नेताओं ने एक दरोगा पर धक्कामुक्की का आरोप लगाया है। दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।