शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी पेंट्री रूम में आग

फायर बिग्रेड भी नहीं पहुंची, लाखों का नुकसान

आगरा। थाना हरीपर्वत क्षेत्र स्थित दिल्ली गेट पर मधुवन प्लाजा के प्रथम तल पर बने लाइट शोरूम में अचानक आग लग गई। आसपास की दुकानों के लोग बाहर निकल आए। मौके पर फायर विभाग को सूचना दी, लेकिन वह समय से नहीं पहुंची। लोगों ने खुद ही अपने प्रयासों से आग पर काबू पाया।

कर्मचारियों में फैली दहशत

सप्तऋषि अपार्टमेंट आवास विकास निवासी पवन चौहान का मधुवन प्लाजा में विशाल लाइटिंग के नाम से शोरूम है। दोपहर दो बजे करीब चार-पांच स्टाफ के लोग अंदर थे। साथ में पवन के बेटे अमित भी थे। पवन उस दौरान बाहर थे। शोरूम में अंदर की तरफ पेंट्री रूम बना है। तभी पेंट्री रूम में धुआं निकलता देखा गया। पेंट्री रूम में आग की लपटें देख कर्मचारियों में दहशत फैल गई। अंदर पूरी तरह से धुआं भर गया। शोरूम में घुटन हो गई। दम घुटने से कर्मचारियों ने बाहर की तरफ दौड़ लगा दी। दस दौरान पुलिस कंट्रोल रूम फोन किया तो कहा गया कि 101 पर कॉल करें। इसके बाद फायर विभाग कॉल किया, लेकिन फोन नहीं उठा।

खुद ही पाया आग पर काबू

फायर विभाग कॉल न लगने पर आस पास के लोगों ने खुद ही आग पर काबू पाने का प्रयास किया। शोरूम में लगे अग्निशमन यंत्रों से आग बुझाने का प्रयास किया। दो दमकल पौने तीन बजे मौके पर आई लेकिन तब तक आग पर काबू कर लिया गया था। पीडि़त के मुताबिक पेंट्री रूम में रखा लाखों का माल जल कर खाक हो गया है। पुलिस दमकल से पहले ही मौके पर पहुंच गई थी।