- सदर तहसील को 2719 व अन्य प्रत्येक तहसील को 1100-1100 कम्बल दिए जाएंगे

- रैन बसेरों में पड़ने वाले बीमार लोगों का उपचार करेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम

आगरा। सर्दी के बढ़ते प्रकोप से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। आमजन को ठंड से बचाने के लिए जिलाधिकारी ने नगर निगम और तहसीलों को अलाव जलाए जाने के निर्देश दिए हैं। शहरी क्षेत्र में एसीएम से ऐसे स्थानों को चिह्नित कराया गया है, जहां पर अलाव जलाए जाने की जरूरत है। इस रिपोर्ट के आधार पर नगर निगम अलाव जलाए जाने की व्यवस्था करेगा।

प्रत्येक तहसील को दिए 50 हजार

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश मालपाणी ने बताया कि जनपद की प्रत्येक तहसील को 50-50 हजार रुपये अलाव जलाए जाने के लिए दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि चिह्नित स्थानों पर अलाव जलाए जाने की व्यवस्था की जाए। लापरवाही पर कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है। जनपद की सभी तहसीलों में 90 स्थानों पर अलावा जलाए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर अलाव के स्थानों को बढ़ाया जा सकता है।

8219 बांटे जाएंगे कम्बल

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि कम्बलों के लिए टेंडर हो चुका हैं। जिले में 8219 कम्बलों का वितरण होगा। इसके लिए पात्र व्यक्तियों की लिस्ट तैयार है। कंबल आते ही संबंधित तहसीलों को भेज दिए जाएंगे। सदर तहसील को 2719 व अन्य प्रत्येक तहसील को 1100-1100 कम्बल दिए जाएंगे। जिलाधिकारी ने सीएमओ को पत्र लिखा है। इसमें कहा है कि रैनबसेरों में बीमार का उपचार सुनिश्चित किया जाए। एम्बुलेंस की व्यवस्था की जाए।

47 स्थानों पर जलाए गए अलाव

नगर पालिका परिषद व नगर पंचायतों में ठण्ड व शीतलहर को देखते हुए सात दिसंबर को 25 स्थानों पर अलाव जलाए गए। अपर जिलाधिकारी प्रशासन राजेश कुमार श्रीवास्तव ने समस्त निकायों को निर्देश दिए हैं कि पुनर्निरीक्षण करते हुए अलाव जलाए जाने की कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने बताया कि कुल 47 स्थानों पर अलाव जलाए गए।