खजनी एरिया के मिश्रौली गांव में युवक ने बुजुर्ग को गोली मार दी। हमले में घायल 60 साल के यमुना मिश्र को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां हालत नाजुक बताकर डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। यमुना के परिजनों ने गांव के शैलेष तिवारी पर हमले का आरोप लगाया।

आरोपी की तलाश में पुलिस ने उसके घर से एक तलवार, लाइसेंसी राइफल और प्रतिबंधित बोर का दो कारतूस बरामद किया। 21 अप्रैल को थाना पर जमा असलहों को शैलेष घर ले आया था। बताया जाता है कि यमुना के घर के पास ही शैलेष ने मछली पालन के लिए पोखरा खुदवाया था। पोखरे के पानी से यमुना के घर में सीलन होने लगी। दो दिन से पोखरे में पानी भरने का विरोध यमुना कर रहे थे। मंगलवार शाम करीब पांच बजे दो लोगों के साथ शैलेष पोखरे पर पहुंचा। वहां कहासुनी होने पर गोली चल गई। आरोप है कि शैलेष ने लाइसेंसी पिस्टल से बुजुर्ग पर गोली दाग दी। हमले के बाद वह अपने साथियों संग फरार हो गया। मौके पर गिरे दो खोखे उसके बेटे बटोर ले गए। मामले की जानकारी पाकर एसपी ग्रामीण ज्ञान प्रकाश चतुर्वेदी गांव में पहुंचे।

पांच माह बाद किशोरी बरामद

उरुवा एरिया के कुरावल गांव से अपहृत किशोरी को बरामद करके पुलिस ने तीन अपहरणकर्ताओं के अरेस्ट किया। दिसंबर में किशोरी का अपहरण करके कहीं बाहर लेकर चले गए थे। किशोरी की मां की सूचना पर पुलिस केस दर्ज कर कार्रवाई में जुटी थी। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि किशोरी को लेकर युवक कहीं जा रहे हैं। उरुवा चौराहे पर पहले से मौजूद पुलिस ने तीनों युवकों को पकड़ लिया। उनसे पूछताछ करके पुलिस जानकारी जुटा रही है।

मारपीट में घायल की मौत

चौरीचौरा एरिया के बरही, भरटोलिया में रविवार की शाम मारपीट में घायल कतवारु की मंगलवार को मौत हो गई। उनका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौरीचौरा में उपचार चल रहा था। कतवारु की मौत से परिजनों में आक्रोश फैल गया है। हालांकि पुलिस उसकी मौत को बीमारी मानकर जांच कर रही है।