- फोरलेन के तेनुआ टोला प्लाजा की घटना

- गेट खोलने वाले कर्मचारी को पीटकर भाग निकले मनबढ़

GORAKHPUR: सहजनवां एरिया के तेनुआ टोल प्लाजा पर वीआईपी लेन में दो मिनट की देरी पर मनबढ़ों ने जमकर उत्पात मचाया। गेट खोलने में हुए विलंब से बिफरे मनबढ़ों ने टोल कर्मचारी को पीटा। कर्मचारी के भागने पर फायर करते हुए फरार हो गए। घटना मंगलवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई। इस कारण 20 मिनट तक आवागमन बाधित रहा। फोरलेन पर हुई घटना की सूचना पाकर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ लोगों की पहचान कर ली गई है। पुलिस उनकी तलाश में लगी है।

वीआईपी लेन में थे मनबढ़

फोरलेन पर सहजनवां एरिया के कालेसर में टोल प्लाजा है। मंगलवार की दोपहर के करीब लखनऊ की ओर से दो लग्जरी व्हीकल कुशीनगर की ओर जा रही थी। वाहन लेकर ड्राइवर टोल प्लाजा पर पहुंचा। उसने चार नंबर गेट से वीआईपी लेन में गाड़ी घुसा दी लेकिन बैरियर लगा होने से ड्राइवर को गाड़ी रोकनी पड़ी। आगे की गाड़ी रुकने पर पीछे वाले ने भी ब्रेक ले लिया। गाड़ी रुकने से कार सवार नाराज हो गए।

गाड़ी से उतरकर लगे पीटने

टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारी, सहजनवां के बसुधा गांव निवासी रणवीर यादव गेट खोलने पहुंचे। लग्जरी कार सवार मनबढ़ों ने अपशब्द कहना शुरू कर दिया। विलंब होने से बिफरे मनबढ़ों ने पिटाई कर दी। उनसे बचने के लिए वह दफ्तर की ओर भागा। शोर सुनकर अन्य कर्मचारी भी दौड़ पड़े। लोगों को करीब आते देखकर वाहन सवार मनबढ़ों ने राइफल से गोलियां दाग दी। दो राउंड फायर होने से टोल प्लाजा पर भगदड़ मच गई। मनबढ़ वाहन की रफ्तार बढ़ाकर कुशीनगर की ओर फरार हो गए। टोल प्लाजा कर्मचारियों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सीओ कैंपियरगंज मनोज पांडेय भारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी ग्रामीण ब्रजेश सिंह ने भी घटना की जानकारी ली।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गोली चलाने वालों की तलाश की जा रही है। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

- मनोज कुमार पांडेय, सीओ कैंपियरगंज