-सेक्टर थ्री निवासी शंभू झा रिम्स रेफर, हाथ में है चोट

-एचईसी ग‌र्ल्स स्कूल के पास दोपहर का मामला

-आरोपी शैलेंद्र गिरफ्तार, गोली मारने से किया इन्कार

-दोनों ने एक दूजे के खिलाफ दर्ज कराई प्राथमिकी, छानबीन शुरू

RANCHI: धुर्वा एचईसी ग‌र्ल्स स्कूल के समीप बुधवार की दोपहर गोलीबारी हुई। इसमें सेक्टर थ्री क्वार्टर नंबर बी 482 निवासी शंभु कुमार झा घायल हो गए। उनके हाथ में चोट है। एचईसी अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद घायल को रिम्स रेफर कर दिया गया है। सूचना पाकर धुर्वा इंस्पेक्टर तालकेश्वर राम एचईसी अस्पताल पहुंचे। इसके बाद छापेमारी कर शैलेंद्र कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह सेक्टर 3 के बी 295 का रहने वाला है। पुलिस मामले को संदेहास्पद मान रही है। उसके मुताबिक गोली नहीं चली है।

न किसी ने आवाज सुनी, न खोखा मिला

विक्टिम शंभू कुमार झा का आरोप है कि उनके दोस्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने उन्हें गोली मार दी। इसके बाद वहां से फरार हो गया। जख्मी हालत में ही वह भागते हुए धुर्वा टीओपी नंबर आठ पहुंचा, जहां कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। इधर आरोपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने गोली मारने से इन्कार किया है। उसने पुलिस के सामने उल्टे शंभू झा पर ही गोली मारने का आरोप लगाया है। देर शाम तक पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ करती रही। हालांकि संबंधित हथियार पुलिस के हाथ नहीं लगा है। घटनास्थल से गोली का खो खा भी बरामद नहीं किया गया है और न ही आसपास के लोगों ने गोली की आवाज सुनी। मामले में दोनों ओर से एक दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है।

सुबह से कर रहा था रेकी

शंभू झा ने पुलिस को बताया कि वह आर्मी कैंटीन में सामानों की सप्लाई करता है। शैलेंद्र उसका बचपन का दोस्त है। वह उनके घर पर सुबह से ही रेकी कर रहा था। दो बार शंभू के पिता कृष्णकांत झा से उनके बारे में पूछा। इस पर उन्होंने काम पर जाने की बात बताई। शंभू लग•ाग 11.30 बजे घर पहुंचा उसके बाद ग‌र्ल्स स्कूल होते हुए काम पर जा रहा था। इसी क्रम में उसे शैलेंद्र ने बिना कुछ कहे पिस्टल निकाली और गोली मार दी। इसके बाद वहां से फरार हो गया।

मामला संदेहास्पद प्रतीत हो रहा है। दोनों एक दूसरे पर गोलीबारी का आरोप लगा रहे हैं। पूरी छानबीन और डॉक्टरों की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

-तालकेश्वर राम, इंस्पेक्टर धुर्वा