RANCHI: पुंदाग ओपी क्षेत्र के मुक्तिधाम से सटे आनंद गैस सर्विस के पास कालेज जा रही सीमा कुमारी को दो लड़कों ने हाथ में गोली मार दी। इसके बाद वे लोग घटनास्थल से फरार हो गए। घायलावस्था में युवती को लोगों ने पुलिस की मदद से रिम्स पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति सामान्य है। घटना की जानकारी मिलने के बाद सिटी एसपी किशोर कौशल ने सीमा का बयान लिया। इसमें सीमा ने बताया कि मुन्ना मुंडा और शिवा मुंडा ने उस पर गोली चलाई है। इस बाबत पुंदाग ओपी में दोनों युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना के बाद दोनों युवक फरार है। बताते चलें कि कुछ दिन पहले भी इन्हीं युवकों ने घर पर फायरिंग की थी।

तीन महीने पहले भी फायरिंग

तीन महीने पहले जुलाई में भी सीमा के घर पर कुछ युवकों ने फायरिंग की थी। उस वक्त किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ था। जिसकी चश्मदीद भी सीमा ही है। ऐसे में आशंका है कि कहीं सीमा उन युवकों के बारे में कुछ जानती तो नहीं है। जिस वजह से दूसरी बार युवकों ने उस पर गोली चलाई है।

जमीन कारोबारी भाई है जेल में

सीमा के पिता रिक्शा चलाते थे। फिलहाल वह घर में रहकर कामकाज देखते है। वहीं, सीमा का भाई पंचानन साहू जमीन का कारोबार करता था। इस बीच कई बार जमीन को लेकर विवाद भी हुआ था। वहीं कई बार पैसे की लेनदेन को लेकर भी मनोज मुंडा नामक युवक से बकझक हुई थी। जमीन विवाद को लेकर मनोज मुंडा की हत्या हो गई थी। इस मामले में पंचानन साहू को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।