RANCHI: शुक्रवार की दोपहर चार बजे के करीब तीन शूटर्स ने मांडर के पूर्व विधायक बंधु तिर्की के विधायक प्रतिनिधि प्रणव कुमार सिंह को गोली मार दी। प्रणव की बांह में गोली लगी और छिटक कर सीने में भी धंस गई। प्रणव कुमार सिंह फिलहाल जेवीएम से जुड़े हुए हैं। घटनास्थल लापुंग थाना परिसर से मात्र दो सौ मीटर की दूरी पर है। गोली मारने के बाद तीनों शूटर वहां से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही लापुंग थाना प्रभारी समेत कई पुलिस पदाधिकारी पहुंचे और मामले की जांच की। प्रणव को गंभीरावस्था में मेडिका में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, वह खतरे से बाहर हैं।

भाई के साथ जा रहे थे बाजार

बताया जा रहा है कि प्रणव कुमार सिंह खूंटी के तपकरा के रहनेवाले थे। वे कई सालों से लापुंग में ही थाने व प्रखंड मुख्यालय के बगल में घर बनाकर अपने परिवार के साथ रह रहे थे। शुक्रवार को वह अपने भाई अरुण कुमार सिंह के साथ बाजार जा रहे थे। इसी क्रम में पंडित होटल में तीन शूटर्स घात लगाए प्रणव का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही प्रणव बाहर निकला। उनमें से एक शूटर हाथ में पिस्टल लहराते हुए उसकी ओर लपका। प्रणव कुमार सिंह ने उसे देख लिया। इसके बाद जान बचाने के लिए वह भागे। इस क्रम में सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद अपराधी ने गोली चला दी। गोली उनकी बांह में लगी। भाई को गोली मारता देख उसके अरूण कुमार सिंह ने अपराधी को दबोच लिया, लेकिन उसे भी पिस्टल का भय दिखाया गया, तो वह डर कर भाग गया।

राज्य में लॉ एंड ऑर्डर फेल

जब थाने के सामने ही लोगों पर हमला हो रहे हैं, तो अन्य जगहों पर क्या स्थिति होगी। झारखंड में लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह से चरमरा गई है।

-बंधु तिर्की, पूर्व विधायक, जेवीएम नेता