RANCHI : अगर शोहदे बेखौफ हो चुके हैं तो लड़कियों ने भी उन्हें सबक सिखाने की ठान ली है। रविवार को रातू थाना एरिया में कोचिंग इंस्टीट्यूट जा रही लड़कियों को पांच की संख्या में आए शोहदे छेड़ रहे थे। लड़कियों ने शुरू में शोहदों की हरकतों को नजरअंदाज करने की कोशिश की, लेकिन जब वे हद से ज्यादा बढ़ने लगे तो लड़कियों के सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने साहस दिखाते हुए पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने भी लड़कियों की पहचान पर सभी शोहदों को गिरफ्तार कर लिया। लड़कियों के इस हौसले की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है।

निर्माणाधीन घर में छिपे थे शोहदे

राँची के के रातू थाना क्षेत्र कांठी टांड में स्थित तारा होटल के पास लड़कियों को छेड़ने के मामले में पुलिस ने रविवार को पांच लड़कों को गिरफ्तार किया है.लड़कियों ने पुलिस को सूचना दी तो सभी लड़के एक निर्माणाधीन घर में छिप गए। लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां से भी धर दबोचा.गिरफ्तार लड़को के पास से पुलिस ने हुक्का और गांजा भी बरामद किया है।

हर दिन करते थे छेड़खानी, उठाने की भी धमकी

लड़कियों ने बताया कि वे लोग अपने घर से रांची जा रही थी, तभी रास्ते में मनचलों ने भद्दे-भद्दे कमेंट करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर लड़के आगे पीछे मंडराने लगे और उठाकर ले जाने की धमकी देने लगे। ये लगभग उनके साथ हर रोज ही हो रहा था। रविवार को उन्होंने हिम्मत जुटाया और पुलिस को फोन कर इसकी सूचना दी गई। पुलिस फोन करने के पांच मिनट में ही मौके पर पहुँच गई .पुलिस को देख एक निर्माणाधीन घर में सभी शोहदे जा छिपे, पर पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

लड़कियों के हिम्मत की हो रही तारीफ

एसएसपी कुलदीप द्विवेदी ने लड़कियो की हिम्मत की जम की तारीफ की। उन्होंने कहा कि इन लड़कियों की वजह से पांच मनचले पकड़े गए। सभी लड़कियों को चाहिए कि अगर कोई छेड़े तो उसका बेखौफ होकर विरोध करे। उन्होंने कहा कि पुलिस हर जगह मुस्तैद है केवल उन्हें समय पर जानकारी मिलना चाहिए वे आपकी मदद के लिए हमेशा तैयार है।