- विभिन्न जगहों पर कर रहे थे वारदात

- फोरलेन पर लूटपाट करता था सिपाही का बेटा

GORAKHPUR : जिले में लूटपाट करने वाले पांच बदमाशों को पुलिस ने अरेस्ट किया है। खोराबार एरिया में फोरलेन पर सिपाही का बेटा अपने साथी के साथ लूटपाट करता था। बांसगांव एरिया में माइक्रोफायनेंस कंपनी के एजेंट्स से लूट करने वाले दो बदमाश धरे गए। इनमें पांच हजार का इनामी शातिर शामिल है। खजनी एरिया के गोगहरा पुल पर ज्वेलर को लूटने का आरोपी बदमाश भी पुलिस के हत्थे चढ़ा। रविवार की दोपहर एसएसपी लव कुमार ने सभी घटनाओं का खुलासा किया। कप्तान ने कहा कि बदमाशों के अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। गुडवर्क करने वाली टीम को एसएसपी ने इनाम देकर सम्मानित किया।

केस एक:

बांसगांव एरिया के गडैना में 17 सितंबर को लूट हुई। बदमाशों ने एसकेएस माइक्रोफायनेंस कंपनी के कर्मचारी को लूटा। तमंचे के बल पर 81 हजार नकदी, बैग और टेबलेट लूटकर फरार हो गए। बांसगांव पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच की टीम बदमाशों की तलाश में लगी। एसओ बांसगांव राजनाथ सिंह, एसआई धर्मेद्र सिंह, गोपाल प्रसाद, संजय कुमार, कांस्टेबल सनातन सिंह, अविनाश, शोएब, कुतुबुद्दीन, धर्मेद्र नाथ तिवारी, अविनाश सिंह, सुनील कुमार की टीम ने बदमाशों को सर्विंलांस पर लिया। रविवार की दोपहर माल्हनपार कसबे में पुलिस बाइक सवार दो लोगों को रोका। महदेवा की ओर से आ रहे युवकों ने भागने की कोशिश की। दोनों के पास बाइक का पेपर नहीं था।

इनामी निकला बाइक सवार

पूछताछ में दोनों की पहचान गोला एरिया के बादा बुजुर्ग निवासी सीताराम पांडेय, देवरिया जिले के भटवली बुजुर्ग निवासी ऋषिकेश मिश्रा उर्फ मोनू के रूप में हुई। दोनों के पास से तमंचा बरामद हुआ। सीताराम पांडेय ने पुलिस को बताया वह पांच हजार का इनामी बदमाश है। उसके खिलाफ लूट के मामले में दर्ज हैं। पुलिस ने दावा किया दोनों ने माइक्रोफाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से लूट की थी। दोनों ने बताया कि लूट की गाड़ी का नंबर प्लेट बदलकर आराम से वारदात करते थे। उनके पास से माइक्रोफायनेंस कंपनी कर्मचारी का सामान और 48सौ रुपए नकदी बरामद हुई।

मंझा खिलाड़ी है सीताराम

पुलिस ने बताया कि अपराध की दुनिया का मंझा हुआ खिलाड़ी सीताराम है। गोरखपुर के साथ-साथ उसने संतकबीर नगर, बस्ती, देवरिया और महराजगंज जिलों में भी वारदातें की है। वर्ष 1997 में पहली बार उसके खिलाफ बांसगांव में हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ। जिले के बांसगांव में पांच, गोला में 12, गगहा में दो, कोतवाली में दो, खजनी में दो और सहजनवां में एक मुकदमा दर्ज है। संतकबीर नगर जिले के धनघटा, बस्ती के लालगंज, देवरिया जिले के रुद्रपुर और महराजगंज जिले के पनियरा में लूट, हत्या, हत्या के प्रयास, आ‌र्म्स एक्ट, गुंडा एक्ट, गैंगेस्टर सहित कई धाराएं पुलिस रिकार्ड में हैं। पुलिस का कहना है कि नए बदमाशों की आड़ में वह पुलिस को चकमा दे रहा था। उसको लगा कि पुलिस का सिर्फ नये बदमाशों पर फोकस है इसलिए आराम से लूट कर ली। कैलाश ढाढ़ी सहित दर्जनभर बदमाशों ने सीताराम से अपराध का ककहरा सीखा है। सीताराम के सहयोगी मोनू की पत्नी बीमार है। हॉर्ट की प्रॉब्लम का उपचार कराने के लिए मोनू को रुपए की जरूरत थी। इसलिए वह लूट में शामिल हो गया। उसके खिलाफ पहले से कोई मामला नहीं है।

केस दो:

खोराबार एरिया के फोरलेन पर लूटपाट करने वाले दो युवक पकड़े गए। इनमें एक के पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल है। वह शौक पूरा करने के लिए लुटेरा बन गया। अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसने खोराबार, शाहपुर और बेलीपार एरिया में लूट की थी। कई दिनों से फोरलेन पर लूटपाट की सूचना पुलिस को मिल रही थी। रविवार को फॉरेस्ट क्लब के पास पुलिस ने दो युवकों को रोका। उनमें से एक ने खुद को सिपाही का बेटा बताकर धौंस जमाने की कोशिश की। पूछताछ में उनकी पहचान हनुमानगंज, बोधी छापर निवासी रमेश यादव के रूप में हुई। दूसरा खोराबार एरिया के जंगल सिकरी निवासी शेषनाथ यादव का बेटा दीपक निकला। दीपक के पिता कांस्टेबल हैं। जांच में सामने आया कि दोनों अपने तीसरे दोस्त के साथ अक्सर रात में फोरलेन पर घूमते हैं। शक के आधार पुलिस थोड़ी सख्त हुई तो उन लोगों ने तीन लूट की है। उनके पास से मोबाइल, बाइक, तीन हजार रुपए नकद, नेपाली मुद्रा बरामद हुई। पुलिस का कहना है कि लूट के बाद तीनों युवक नेपाल चले जाते थे। माहौल खराब होने से इस बार उनको मौका नहीं मिल सका।

केस तीन:

खजनी एरिया में ज्वेलर से लूटपाट का खुलासा पुलिस ने किया। खजनी पुलिस ने खजनी एरिया के हेमचौरा निवासी राहुल यादव को अरेस्ट किया। रविवार की दोपहर खजनी पुलिस गश्त पर निकली। एसओ राजीव सिंह, एसआई महेंद्र प्रताप सिंह टीम के साथ टेकवार चौराहे पर पहुंचे। पुलिस ने शक के आधार पर राहुल को पकड़ा। पूछताछ में राहुल ने बताया कि वह अपने दो साथियों के साथ मिलकर लूटपाट करता है। खजनी के गोगहरा पुल पर उन लोगों ने ज्वेलर को लूटा था। पुलिस उससे पूछताछ करके साथियों के बारे में पता कर रही है।

हाल के दिनों में लूटपाट की वारदातें हो रहीं थीं। इसमें शामिल बदमाशों की तलाश में पुलिस टीम को लगाया गया। जनपद पुलिस बदमाशों को गिरफ्तार करने में कामयाब हुई। पुलिस टीम के गुड वर्क पर टीम को सम्मानित किया गया।

लव कुमार, एसएसपी