- 2016 में किशोर की तालाब में डूबाकर की थी हत्या

GORAKHPUR: हरपुर गांव में रवि शर्मा की तालाब में डूबाकर हत्या करने के आरोपी दीपक चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। फरार दीपक पर पांच हजार रुपए का इनाम भी था। हत्या की वजह रिश्तों में गलतफहमी सामने आई है। सीओ गोला प्रशांत सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस कर अभियुक्त के पकड़े जाने की जानकारी दी।

सीओ ने बताया कि 2016 में हरपुर गांव के रवि शर्मा की तालाब में डूबाकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने विशाल उर्फ दीपक चौधरी व रितिक के खिलाफ केस दर्ज किया था। पुलिस ने रितिक को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य अभियुक्त दीपक फरार चल रहा था। बाद में उसके ऊपर पांच हजार का इनाम घोषित कर दिया गया था। शुक्रवार को पुलिस ने गोपालपुर चीनी मिल के पास मुखबिर की सूचना पर आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि रवि और दीपक का परिवार दिल्ली में रहता था। इस दौरान दोनों में अच्छी दोस्ती हो गई थी। दीपक का रवि के घर आना जाना था। रवि को संदेह था कि उसकी बहन से उसकी मित्रता हो गई है। इसी बात के विवाद पर दीपक ने साथी रितिक के साथ मिलकर रवि की हत्या की थी।