शहर में एकाएक बढ़ी दूसरे स्टेट के खानाबदोशों की संख्या

रेलवे स्टेशन सिटी साइड व परेड ग्राउंड में डाला डेरा

ALLAHABAD: माघ मेले से पहले शहर में उचक्कों का मेला लग गया है। दूसरे स्टेट के लोगों की संख्या बढ़ी तो शहर में टप्पेबाजी की घटनाओं में भी तेजी आई है। सिविल लाइंस हो, माघ मेला या फिर रेलवे स्टेशन यहां छत्तीसगढ़, झारखंड, उड़ीसा व तमिलनाडु के खानाबदोश नजर आ जाएंगे। पुलिस को आशंका है कि मेले व सिटी में इन्हीं में से कुछ लोग टप्पेबाजी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। कर्नलगंज पुलिस ने पांच संदिग्ध को पकड़ा भी था, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।

अधिकांश महिलाएं व बच्चे

दूसरे स्टेट से आए गिरोह में अधिकांश महिलाएं व बच्चे हैं। सिटी में दिन भर ये लोग भीख मांगते हैं और रात होते ही परेड ग्राउंड, सिविल लाइंस में पुराने जीजीआईसी व जंक्शन स्टेशन सिटी साइड डेरा जमा लेते हैं। इस गिरोह में पुरुष भी हैं लेकिन वह कम ही नजर आते हैं। दिन-दिन भर घूमकर यह लोगों से भीख मांगते हैं और इसी बीच सामान भी गायब कर देते हैं। इस गिरोह में जेब कतरे भी शामिल हैं।

-- लास्ट ईयर मेले में काटा था उधम

इस गिरोह ने लास्ट ईयर भी मेले में उधम काटा था। माघ मेला शुरू होते ही सैकड़ों की संख्या में दूसरे स्टेट के खानाबदोश सिटी पहुंच गए थे। पुलिस ने दो दर्जन से अधिक लोगों को अरेस्ट भी किया था। हालांकि किसी के पास से चोरी गया सामान बरामद नहीं हुआ था। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह काफी शातिर है। चोरी का सामान पलक झपकते ही दूसरे से तीसरे हाथ तक पहुंच जाता है लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगती।

केस एक : सिविल लाइंस में सुभाष चौराहे के पास शुक्रवार को एक बच्चा करेली के आसिफ की कार के विंडो पर नॉक करता है। आसिफ विंडो खोलते हैं। बच्चा कहता है भूख लगी है, कुछ खाने को दे दो। वह पर्स से पांच रुपए का सिक्का निकालकर उसको देते हैं और इसी बीच अगली सीट पर रखा उनका बैग गायब हो जाता है। इसके बाद बच्चा भी नजर नहीं आता। आसिफ ने चोरी की एफआईआर दर्ज करवा दी है।

केस दो : बिग बाजार में टैगोर टाउन के विकास श्रीवास्तव छह जनवरी को खरीदारी के लिए आते हैं। वह जैसे ही कार से निकलते हैं, दो बच्चे उनको घेर लेते हैं। पिंड छुड़ाने के लिए वह पांच रुपए का सिक्का दे देते हैं। वह बैग निकालने के लिए फिर से कार का दरवाजा खोलते हैं तो अगली सीट पर रखा बैग गायब था। उन्होंने भी एफआईआर दर्ज करवाई है।

लोग चौकन्ने रहें। कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर आता है तो पुलिस को खबर दें। पुलिस भी उचक्कों की धरपकड़ के लिए कोशिश कर रही है।

-राजेश यादव,

एसपी सिटी