एक्सक्लुसिव न्यूज

- पौने दो करोड़ रुपए से सर्विस लेन बनाने के लिए शासन से मांगेंगे अतिरिक्त बजट

- 30.33 करोड़ से बढ़कर 42 करोड़ रुपए तक पहुंचा है फ्लाईओवर निर्माण का बजट

BAREILLY:

जल्द ही श्यामगंज फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होते ही व्हीक्लस के फर्राटा भरने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। लेकिन फ्लाईओवर के नीचे की सर्विस लेन ऊबड़ खाबड़ ही रहेगी। सेतु निगम के अधिकारियों ने सर्विस लेन बनाने के लिए पर्याप्त बजट न होने की बात कह रहे हैं। इसके लिए दो करोड़ रुपए का अतिरिक्त बजट शासन से मांगे जाने का रीएस्टीमेट तैयार हो गया है। जो फ्लाईओवर निर्माण कार्य पूरा हो जाने के बाद शासन को स्वीकृत करने के लिए भेजा जाएगा।

बजट बढ़ने से काट दी लेन

अधिकारियों के मुताबिक फ्लाईओवर निर्माण कार्य के दौरान 1.75 करोड़ रुपए से सर्विस लेन बनाए जाने का प्रस्ताव शामिल किया गया था। लेकिन बाद में फ्लाईओवर के बजट में 35 परसेंट का बजट बढ़ने की वजह से सर्विस लेन का एस्टीमेट हटा दिया गया। ताकि फ्लाईओवर के निर्माण कार्य में कोई रोड़ा न बन सके। अब तक फ्लाईओवर का 95 परसेंट निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। दो ज्वॉइंट बनते ही सड़क निर्माण कार्य भी पूरा हो जाएगा। लेकिन सर्विसलेन का निर्माण कार्य शासन को भेजे जाने वाले रीएस्टीमेट के स्वीकृत होने के बाद ही किया जा सकेगा।

दुर्घटना की है संभावना

बता दें कि करीब वर्ष भर पहले सेतु निगम ने फ्लाईओवर निर्माण के लिए बीसीबी पश्चिमी गेट के सामने से लेकर बारादरी थाना के करीब 50 मीटर आगे तक की सड़क पूरी तरह तोड़ दी है। कई जगह पिलर लगाने के लिए गहरे गड्ढे कर दिए गए हैं। जिसमें हल्की सी असावधानी भी बड़े हादसे का सबब बन सकता है। जिससे बचने के लिए सुस्त रफ्तार से ट्रैफिक संचालित किया जा रहा है। स्थानीय निवासियों और दुकानदारों ने आगामी मानूसन में सर्विस लेन के गड्ढ़ों और मिट्टी पर फिसलन से दुर्घटना की संभावना जताई है। फ्लाईओवर के नीचे वाहन का संचालन खतरनाक होगा।

फ्लाईओवर के निर्माण का बजट 12 करोड़ रुपए बढ़ जाने से सर्विस लेन निर्माण के लिए पर्याप्त धनराशि नहीं है। करीब पौने दो करोड़ रुपए का रीएस्टीमेट शासन को स्वीकृत के लिए भेजा जाएगा।

एसके गर्ग, उप परियोजना प्रबंधक, सेतु निगम