PATNA : फुटबॉलर अनिशा आनंद के ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए हैं। दीघा के गेट नंबर 87 के पास स्थित अनुपम निवास के बाहर अब ताला लटका है। मुजफ्फरपुर के रामदयालू सिंह कालेज के प्रिंसिपल रहे अनिशा के ससुर सुरेन्द्र कुमार, देवर, दाई और उसकी दोनों बेटी घर छोड़कर फरार हैं। अनिशा का पति अभिषेक आनंद भी पुणे में नहीं है। दरअसल, अनिशा की हुई रहस्मय तरीके से मौत मामले में ये सभी नामजद हैं। अनिशा के पिता ने इन सभी पर दहेज के लिए प्रताडि़त करने और उसकी हत्या किए जाने की बात कही थी। पुलिस की प्राइमरी इंवेस्टिगेशन में भी हत्या किए जाने की ही बात सामने आई थी। जिसके बाद एसएसपी मनु महाराज ने आरोपियों की गिरफ्तारी का आदेश दिया था। जब दीघा थाने की पुलिस टीम अनिशा के ससुराल पहुंची तो वहां ताला लटका मिला। पड़ोसियों से पूछताछ करने पर पता चला कि गिरफ्तारी के डर से सभी घर छोड़कर फरार हो गए हैं।