41 मीटर-पोल की ऊंचाई

20 फीट-ध्वज की चौड़ाई

30 फीट-ध्वज की लंबाई

शाम 8:10 बजे हुआ लोकार्पण

-41 मीटर ऊंचे पोल पर स्थापित किया गया तिरंगा

-डीएम ने बटन दबाकर किया लोकार्पण, मौजूद रहा जनसमूह

-देर से शुरू कार्यक्रम में नजरअंदाजी पर भड़के सांसद और मेयर

Meerut : प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वर्षगांठ पर क्रांतिधरा से देश का विशाल परचम बुलंद किया गया। करीब आठ बजे आसमान में सूबे का सबसे विशाल तिरंगा लहराया तो क्रांतिधरा से उठे 'भारत माता की जय' के नारे से आसमान गूंज उठा। प्रस्तावित समय पर ध्वजारोहण न होने से शहरवासियों में आक्रोश था तो वहीं डीएम पंकज यादव पर सांसद राजेंद्र अग्रवाल और मेयर हरिकांत अहलूवालिया ने नजरअंदाजी का आरोप लगाया है।

एक घंटा देरी से लहराया

मेरठ विकास प्राधिकरण द्वारा सूरजकुंड पार्क में स्थापित 41 मीटर ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का क्रांति दिवस की संध्या पर 8 बजकर 10 मिनट पर डीएम पंकज यादव ने बटन दबाकर लोकार्पण किया। ऐतिहासिक स्थल में पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत सायं 7 बजे शहरवासियों का हुजूम जुट गया। बड़ी संख्या में लोग इस ऐतिहासिक शाम के गवाह बने। देर से कार्यक्रम के शुरू होने अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसे जिला प्रशासन और पुलिस ने नियंत्रित किया।