RANCHI: छत्तीसगढ़ के सुकमा में हुए नक्सली हमले के बाद पूरे देश में नक्सलियों से निपटने की तैयारी चल रही है। खास कर नक्सल प्रभावित राज्यों में। इस क्रम में नक्सलियों पर कैसे लगाम कसा जाए। इसे लेकर बिहार की राजधानी पटना में शनिवार को चार राज्यों के पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें झारखंड, ओडि़शा, पश्चिम बंगाल व बिहार के डीजीपी शामिल हुए। पुलिस अधिकारियों के साथ सीआरपीएफ, सीआईएसएफ और आईबी के अधिकारी भी मौजूद रहे। करीब दो घंटे तक यह उच्चस्तरीय बैठक चली, जिसमें उत्तर-पूर्व इलाकों में नक्सल गतिविधियों पर कैसे रोक लगे इस पर रणनीति बनाई गई।

उग्रवाद व शराब माफिया पर लगेगा अंकुश

बिहार के डीजीपी पीके ठाकुर ने कहा कि सीमा पर उग्रवादियों से मजबूती से लड़ने की रणनीति बनाई गई। इसमें चार राज्यों के उच्चाधिकारी शामिल हुए। बिहार से जुड़े राज्यों झारखंड, बंगाल और ओडि़शा के रास्ते उग्रवाद और शराब माफिया पर अंकुश लगाने की तैयारी है। गौरतलब हो कि बिहार के कई जिले भी नक्सल की समस्या से खासे प्रभावित हैं। मध्य बिहार के कुछ जिलों के अलावा झारखंड की सीमा से लगने वाले जिलों में भी नक्सली छोटी-बड़ी वारदातों को अंजाम देते रहते हैं।