-RTO का कर्मचारी बताकर वाहनों को रोककर रौब गांठ रहे थे कार सवार युवक

-पुलिस के पहुंचने पर अन्य भागे, एक चढ़ा हत्थे

VARANASI : खुद को आरटीओ का कर्मचारी बताकर रौब गांठने वाले युवक को लंका पुलिस ने शनिवार को अरेस्ट कर लिया। उसके साथी मौके से भागने में सफल रहे। पकड़े गए युवक ने पुलिस को भी अरदब में लेने की कोशिश की। पहचान पत्र की मांग करने पर उसका पर्दाफाश हो गया। इसक बाद पुलिस ने पकड़े गए युवक भेलूपुर निवासी सूर्यसेन की कार को सीज कर उसका चालान कर दिया।

पैरवी को पहुंचे कई लोग

सुबह सामने घाट एरिया में कार सवार कुछ युवक रास्ते से गुजरने वाले वाहनों को रोककर खुद को आरटीओ कर्मी बताकर रौब गांठ रहे थे। उनके कार पर आरटीए लिखा हुआ था। इसकी जानकारी पुलिस को हुई तो वह सामने घाट एरिया में पहुंची। पुलिस को देख कार सवार युवक भागने लगे। पुलिस ने उन्हें घेर लिया। इस बीच मौका पाकर कार में सवार अन्य युवक भाग निकले जबकि भेलूपुर निवासी सूर्यसेन हत्थे चढ़ गया। पकड़े जाने के बाद उसने पुलिसकर्मियों को अरदब में लेने की कोशिश की। उसने खुद को आरटीओ कर्मी बताया। इस पर पुलिस उसे लंका थाने लेकर आयी। पहचान पत्र की मांग की गई तो युवक का चेहरा उतर आया। इस दौरान उसकी पैरवी करने के लिए थाने पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। लेकिन पुलिस ने किसी की एक न सुनी और आरटीए लिखी इंडिगो कार को सीज कर युवक का चालान कर दिया।

होती है अवैध वसूली

लंका थाना एरिया के सामने घाट, डाफी, रमना आदि एरियाज में फर्जी आरटीओ कर्मियों द्वारा वाहनों से जबरन वसूली की शिकायत पुलिस को मिल रही थी। कुछ युवक खुद को आरटीओकर्मी बताते हुए वाहनों को रोककर उनके कागजात आदि चेक करते थे। इसके साथ ही वाहन चालकों का उत्पीड़न किया जाता था। उनसे रुपये वसूले जाते थे। फर्जी आरटीओकर्मियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने रात में थाना एरिया में गश्त बढ़ा दी थी। जिसके बाद शनिवार को पुलिस को यह सफलता मिली।