RANCHI: सोमवार की सुबह जयपाल सिंह स्टेडियम में गौतम नामक युवक की उसकी प्रेमिका ने जमकर धुनाई कर दी। मामला था प्यार में धोखा देने का। फिर क्या था, उसने युवक को रंगेहाथ पकड़ा और कहा कि तुमसे बड़ा दगाबाज कहीं नहीं देखा। इसके बाद लात और जूतों से उसकी जमकर पिटाई की गई। लड़की द्वारा लड़के को पिटता देख जयपाल सिंह स्टेडियम में भीड़ जमा हो गई।

क्या था मामला

जानकारी के मुताबिक, सुबह स्टेडियम में मॉर्निंग वॉक के दौरान लोगों ने जब एक लड़की को लड़के की पिटाई करते देखा तो भीड़ जमा हो गई। पहले तो लोगों ने सोचा कि लड़के ने छेड़खानी की होगी। लड़की लगातार उस लड़के को थप्पड़ मार रही थी। इस दौरान वह किसी दूसरी लड़की से उसके संबंध होने का आरोप लगा रही थी। जब लोगों ने बीच-बचाव कर लड़की से सारा माजरा समझना चाहा तो उसने गुस्से में आकर लड़के की पूरी कहानी बताई। हालांकि भीड़ देख कर गौतम भी वहां से नौ दो ग्यारह हो गया।

क्या कहा प्रेमिका ने

लड़की ने कहा कि उसका ब्वॉयफ्रेंड गौतम उसके साथ प्यार का नाटक कर किसी और लड़की के साथ भी चक्कर चला रहा था। जब उसे इसकी भनक लगी तो वो आग-बबूला हो उठी और गौतम को मिलने के बहाने स्टेडियम में बुलाया। गौतम जैसे ही स्टेडियम पहुंचा, लड़की ने आव देखा ना ताव और लड़के की धुनाई शुरू कर दी।