- चेक बाउंस होने पर दर्ज कराया मुकदमा

- बैंकॉक में रहकर कमाते थे पीडि़त संतोष

GORAKHPUR: बैंकॉक में रहकर कमाने वाले व्यक्ति को झांसा देकर जालसाजों ने सरकारी भूमि का बैनामा करा दिया। कब्जा करने पहुंचा पीडि़त असलियत जानकर परेशान हो गया। भूमि के बदले दिए गए 10 लाख रुपए वापस करने का दबाव बनाने पर आठ साल तक आरोपी मामला उलझाते रहे। पंचायत में दिया गया चेक बाउंस होने पर पीडि़त और उनकी पत्नी ने कैंट पुलिस को सूचना दी। भूमि की रजिस्ट्री कराने वाले अधिवक्ता सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।

दिला दी सरकारी जमीन

खजनी एरिया के सतुआभार निवासी संतोष कुमार बैंकॉक में रहकर कमाते थे। 2008 में वह गांव लौट आए। शहर में मकान बनवाने के लिए भूमि खरीदने के चक्कर में पड़ गए। इस बीच उनकी मुलाकात बांसगांव एरिया के मंझरिया खुर्द निवासी श्याम नारायण मिश्र से हुई। सस्ती भूमि दिलाने का झांसा देकर श्याम नारायण ने सौदा तय किया। संतोष की पत्नी मीरा के नाम से 2008 में गोपलापुर के पास पांच डिस्मिल भूमि की रजिस्ट्री करा दी। कुछ दिन बाद जब संतोष कब्जा करने पहुंचे तो पता लगा कि वह भूमि सरकारी है। यह जानकारी संतोष ने श्याम नारायण को दी। इसके बाद उसने रुपए लौटाने की जगह दूसरी जगह भूमि दिलाने का झ्ांसा दिया।

आठ साल तक दौड़ाया

नीयत खराब होने के चलते उसने भूमि नहीं दिलाई। करीब आठ साल तक आरोपी रुपए के बदले कहीं न कहीं भूमि दिलाने का झांसा देकर दौड़ाता रहा। इसे लेकर दोनों के बीच पंचायत हुई। तब आरोपी ने रजिस्ट्री में खर्च रुपए के साथ मूल रकम वापस करने को कहा। 14 सितंबर 2016 को संतोष ने जब चेक जमा कराया तो एकाउंट में पैसा ना होने से चेक बाउंस हो गया। शिकायत करने पर श्याम नारायण ने पीडि़त को धमकाना शुरू कर दिया। संतोष की तहरीर पर कैंट पुलिस ने श्याम नारायण सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है।