- एक्टिवा से मथुरा गए थे दोनों, विक्टोरिया पार्क के सामने हादसा

- परिवार में कोहराम, पुलिस सीसीटीवी कैमरों से तलाश रही सुराग

आगरा। थाना रकाबगंज के विक्टोरिया पार्क के सामने अज्ञात वाहन ने शनिवार रात दो दोस्तों को चपेट में ले लिया। एक्टिवा सवार दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी। परिजनों ने बताया कि वह मथुरा काम से गए थे। परिजन और पुलिस सुराग के लिए आसपास सीसीटीवी कैमरों की तलाश कर रहे हैं।

मथुरा गया था काम से

बैंक कॉलोनी, शहीद नगर निवासी 25 वर्षीय गौरव पुत्र स्व। शशि भूषण गुप्ता सबमर्सिबल का काम करता था। शनिवार शाम एक्टिवा से मथुरा गया। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। गौरव के साथ 26 वर्षीय नीतेश पुत्र हरीमोहन शर्मा निवासी मधुवन नगर, नियर इंद्रापुरम, शमसाबाद साथ था। नीतेश सुल्तानगंज की पुलिया पर शेयर ट्रेडिंग का काम करता था। रात करीब दो बजे दोनों विक्टोरिया पार्क के सामने से गुजर रहे थे। किसी अज्ञात वाहन ने चपेट में ले लिया। दोनों की मौके पर मौत हो गई।

परिवारों में मचा कोहराम

परिजनों ने बताया कि गौरव मथुरा में पार्टी से बात करने गया था। उसकी दो बहनें हैं। बड़ी अभिलाषा प्राइवेट स्कूल में टीचर है, जबकि छोटी बहन गरिमा पढ़ाई कर रही है। वह इकलौटा बेटा था। सात वर्ष पूर्व माता-पिता अमरनाथ गए थे। उस दौरान पिता की हार्टअटैक से मौत हो गई थी। वहीं, नीतेश दो भाइयों में छोटा था। बड़े भाई सुधांशु ने बताया कि वह भारत सरकार की प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना में काम करते हैं। परिवार दोनों भाइयों की शादी की तैयारी कर रहा था। अगले वर्ष नीतेश की शादी होनी थी। गौरव और नीतेश दोनों पक्के दोस्त थे। दो मौतों से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

सीसीटीवी से चल रही तलाश

दोस्तों को किस वाहन ने टक्कर मारी किसी को नहीं पता। गौरव के भाई ने मौके पर सीसीटीवी कैमरों की तलाश की थी, जिससे शायद कोई वाहन ट्रेस हो सके। पुलिस भी एरिया में सीसीटीवी कैमरों की तलाश कर रही है। एक्टिवा पर एक लाल रंग का निशान है, जिससे अंदेशा बन रहा है कि टक्कर मारने वाले वाहन पर लाल रंग का पेंट हो रहा था। एक्टिवा पूरी तरह से खत्म हो चुकी है। वाहन की हालत देख हादसा कितना भीषण था इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।