ऐसा रहा नजारा

स्पॉट-1

म्योहाल चौराहा, 12.45

अचानक से ट्रैफिक थम गया। चारों तरफ गाडि़यों की कतार बढ़ने लगी। चौराहे पर नारे लगा रहे युवक, वाहन चालकों को धक्के देकर गाडि़यां रोकने के लिए कह रहे थे।

स्पॉट-2

ट्रैफिक चौराहा, 01.15

स्टेनली रोड पर वाहनों की कतार बेली हॉस्पिटल तक पहुंच चुकी थी। ट्रैफिक चौराहा से वाहनों को राजापुर होते हुए धोबीघाट चौराहे की तरफ भेजा जा रहा था।

स्पॉट-3

कचहरी, 1.25

कचहरी पर आरएएफ जवानों की टुकड़ी भीड़ को संभालने में लगी थी। दोनों तरफ वाहनों का लंबा जाम था।

स्पॉट-4

बैंक रोड, 1.45

भारी तादाद में नारे लगाती भीड़ सड़क पर उतरी हुई थी। इस दौरान सड़क पर चल रहे अन्य लोग गलियों में दुबक लिए। पुलिस के सायरनों और नारों की गूंज।

-जिला कचहरी से लेकर सुभाष चौराहे तक शहर की सड़कें रहीं जाम

-सिविल लाइंस एरिया में कई वाहनों में तोड़फोड़, पुलिस से नोकझोंक

-आंदोलन के चलते सिटी के कई एरिया में जाम में फंसे रहे लोग

ALLAHABAD: एससी, एसटी एक्ट के विरोध में जनपद में सोमवार को आंदोलनकारियों के विरोध प्रदर्शन के चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिला कलेक्ट्रेट में हंगामा और बवाल की आशंका में भारी संख्या में फोर्स तैनात रही। एसएसपी आकाश कुलहरि खुद भी पुलिसकर्मियों के संपर्क में रहे ताकि सिटी में कानून-व्यवस्था की स्थिति बनी रहे। हालांकि कई बार आंदोलनकारियों और पुलिस के बीच झड़प की नौबत आई, लेकिन अधिकारियों की सूझ-बूझ से मामला शांत करा दिया गया।

कलेक्ट्रेट में जुटे आंदोलनकारी

एससी-एसटी एक्ट में संशोधन के विरोध में सोमवार को इलाहाबाद में भी जमकर हंगामा हुआ। आंदोलन में तमाम दलित संगठन के अलावा बहुजन समाज पार्टी के हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। आंदोलन करीब ग्यारह बजे जिलाधिकारी कार्यालय से शुरू हुआ।

दुकानदारों ने किया विरोध

इसके बाद जुलूस की शक्ल में आंदोलनकारी जिला कलेक्ट्रेट, म्योहाल चौराहा होते हुए पीवीआर पहुंचे और जबरन मॉल व दुकानों को बंद कराने लगे। दुकानदारों ने विरोध किया तो कहासुनी होने लगी। माहौल बिगड़ता देख पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। सुभाष चौराहा पर भी आंदोलनकारियों ने जमकर हंगामा किया। कुछ वाहनों के शीशे तोड़े गए तो पुलिस भी थोड़ी सख्त हुई। इसके बाद आंदोलनकारी नरम पड़ गए।

पूरे शहर में रही अफरा-तफरी

शहर के अन्य इलाकों जैसे छोड़ा बघाड़ा, सलोरी समेत आदि में भी विरोध प्रदर्शन, रैली, जुलूस निकाल चौराहों पर जाम लगाया गया। नीला झंडा लेकर निकले आंदोलनकारियों ने सिविल लाइंस, कटरा, सलोरी आदि में जबरन दुकानें बंद कराई। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने शहर और देहात में कुल नौ ट्रेनों को रोका। इससे कुछ देर के लिए यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। हंगामे की वजह से पूरे शहर में पुलिस फोर्स और आरएएफ तैनात रही। आंदोलनकारी प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।

जाम में फंसे रहे हजारों लोग

आंदोलन के कारण शहर में जगह-जगह जाम की स्थिति उत्पन्न हुई। जिला कचहरी, आंनद हास्पिटल, म्योहाल चौराहा, लोक सेवा आयोग, सिविल लाइंस, सुभाष चौराहा, प्रयाग स्टेशन, कटरा आदि एरिया में लोग भीषण जाम में फंसे रहे। यह समस्या सुबह ग्यारह बजे से शाम चार बजे तक बनी रही। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने लोगों को किसी तरह दूसरे रास्तों से मोड़कर आगे रवाना किया।