- पीपीगंज एरिया में गहने ठगी का एक हफ्ते के अंदर दूसरा मामला

- ज्वेलरी कंपनी का कर्मचारी बताकर फ्री में गहने साफ करने का दिया झांसा

GORAKHPUR: पीपीगंज एरिया में लोगों को झांसा देकर जेवरात उड़ाने वाला गैंग पूरी तरह सक्रिय है। अभी एक हफ्ते पहले ज्वेलर से डेढ़ लाख रुपए ठगी करने के बाद जालसाजों ने गुरुवार को एक बार फिर सफाई के बहाने महिला से जेवर ठग लिए। चार जालसाजों ने एक महिला से जेवर सफाई करने और उसकी गुणवत्ता बताने के लिए जेवर मांगे और फरार हो गए। महिला के मुताबित ठगों ने करीब एक लाख के सोने एव चांदी के गहने उड़ा दिए। महिला ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

'फ्री में साफ कर देंगे जेवर'

पीपीगंज के तिघरा गांव निवासी शिवनारायण सिंह के दरवाजे पर गुरुवार दोपहर करीब एक बजे पहुंचे चार लोगों ने उनकी पत्नी लीलावती देवी को अकेला देख खुद को एक ज्वेलरी कंपनी का कर्मचारी बताया। उन लोगों ने कहा कि वे सोने चांदी के गहनों की सफाई कर उसकी गुणवत्ता बताते हैं। इसका कोई चार्ज भी नहीं लेते। मुपत में काम होता देख लीलावती देवी ठगों के झांसे में आ गईं और उन्होंने दो जोड़ी पायल, दो सोने की अंगूठी, एक जोडी सोने की बाली साफ करने के लिए युवकों को दे दिया। इसी दौरान उनमें से एक युवक ने महिला से पानी लाने को कहा। लीलावती घर में पानी लाने चली गईं। इतने देर में चारों महिला के जेवरात लेकर फरार हो चुके थे। महिला ने जालसाजों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। महिला द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस जालसाजों की तलाश में जुट गई है।