GORAKHPUR:

झंगहा एरिया के कुसम्ही फाटक के पास गांव में शुक्रवार की रात बारात में नाचने के विवाद में मनबढ़ों ने जमकर उत्पात मचाया। डीजे बजाकर युवकों ने बारातियों को पीट दिया। मनबढ़ों के उत्पात से बारातियों को घरों में छिपकर जान बचानी पड़ी। पुलिस की मौजूदगी में किसी तरह से शादी कराई गई। एक युवक को हिरासत में लेकर पुलिस कार्रवाई कर रही है।

पुलिस की मौजूदगी में हुई शादी

शुक्रवार की देर रात बारात पहुंची। अगवानी में रात के 12 बज गए। द्वार पूजा में डीजे बजाकर बाराती नाच रहे थे। तभी गांव के युवक भी नाचने पहुंच गए। नशे में धुत युवकों की बारातियों से कहासुनी हो गई। नाचने गए युवकों ने अपने साथियों को बुलाकर बारातियों पर पथराव शुरू कर दिया। बारातियों की कई गाडि़यां टूट गई। कई लोगों को चोट लगी। दूल्हे और बारातियों को दूसरों के घरों में छिपकर जान बचानी पड़ी। गांव के लोगों की सूचना पर पीआरवी पहुंची। विवाद को देखते हुए फोर्स बुलाई गई। गांव के दिनेश निषाद को हिरासत में लेकर पुलिस ने किसी तरह से विवाह कराया। दहशत की वजह से दूल्हा पक्ष जल्द ही विदाई कराकर लौट गया।