- मनौती पर घर में मूर्ति स्थापित कर रहा था परिवार

-गणेश प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद

GORAKHPUR: तिवारीपुर एरिया के इलाहीबाग मोहल्ले के लाला टोला में गणेश प्रतिमा स्थापित करने को लेकर उपजे बवाल में मनबढ़ों ने पुलिस पर पथराव किया। इससे रविवार शाम माहौल बिगड़ गया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर हालात को काबू किया। बवाल काट रहे दोनों पक्षों के तीन लोगों को धारा 144 के उल्लंघन में पुलिस ने अरेस्ट किया। मोहल्ले में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। डीएम और एसएसपी ने क्षेत्र का दौरा कर बवालियों के साथ सख्ती से पेश आने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि लॉ एंड ऑर्डर के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बेटे के लिए मांगी थी मन्नत

दो साल पूर्व लाला टोला निवासी रामनाथ साहनी के बेटे लकी की तबियत बिगड़ गई थी। दवा के साथ- साथ उसने दुआ करते हुए मन्नत मांगी। बेटे की तबियत ठीक होने पर पांच साल तक गणेश प्रतिमा स्थापित करने का संकल्प लिया। पिछले साल उसने प्रतिमा स्थापित की थी। इस साल भी अपने मकान में दुकान के भीतर प्रतिमा लगाने की तैयारी में थे। मोहल्ले के कुछ लोगों ने उसे चंदा देकर प्रतिमा की साइज बढ़ाने को कहा। इस बात की जानकारी होने पर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई। रामनाथ के सामने शहाबुद्दीन उर्फ शब्बू का मकान है। आरोप है कि शब्बू और कुछ लोगों ने प्रतिमा स्थापित करने पर आपत्ति जताई। शनिवार को मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए हस्तक्षेप करने की मांग की।

थानेदार ने नहीं दिखाई गंभीरता, िबगड़ी बात

शिकायतकर्ता ने प्रतिमा की साइज बढ़ाने, प्रतिमा स्थल पर डीजे बजाने, आसपास के लोगों के जुटने पर आपत्ति जताते हुए पुराने तरीके से पूजा- पाठ कराने को कहा। धीरे-धीरे मामला दोनों पक्षों के नेताओं तक पहुंच गया। रविवार दोपहर दोनों पक्षों के बीच पंचायत बुलाई गई। शाम तक पुराने तौर तरीके से पूजा-पाठ करने का फैसला लिया गया। डीजे न बजाने पर सहमति बन गई। फिर एसओ तिवारीपुर ने सक्रियता नहीं दिखाई। इसलिए अंधेरा होते-होते मामला बिगड़ गया। शाम साढ़े छह बजे मोहल्ले के कुछ युवकों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। उनको खदेड़ने के लिए पुलिस ने लाठियां भांजी। आसपास के थानों की फोर्स बुला ली गई। सबको पुलिस ने घरों में कैद कर दिया। विवाद बढ़ाने के आरोप में पुलिस ने पार्षद सौरभ विश्वकर्मा, शहाबुद्दीन सहित तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।

भूमि का चल रहा विवाद

जांच में सामने आया कि रामनाथ के घर के सामने एक विवादित भूमि है। मोहल्ले की एक महिला उसको अपना बताकर कब्जा करना चाहती है। दूसरा पक्ष उसको सरकारी भूमि बताता है। इसको लेकर दोनों पक्षों में काफी दिनों से विवाद चल रहा है। महिला ने विवादित भूमि पर दीवार चलाने की कोशिश की थी जिसे पुलिस ने रोक दिया था। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि भूमि विवाद के पुराने मामले को लेकर गणेश प्रतिमा को तुल दे दिया गया।

वर्जन

मोहल्ले में दो पक्षों के बीच विवाद था। पारंपरिक ढंग से प्रतिमा स्थापित करने का निर्देश दिया गया है। कोई नया निर्माण नहीं किया जाएगा।

रामलाल वर्मा, एसएसपी

कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बवाल करने वालों के खिलाफ धारा-144 के उल्लंघन के मामले में कार्रवाई की जाएगी। मौके पर पुलिस तैनात कर दिया गया है।

ओएन सिंह, डीएम