फतेहपुर स्थित खखरेरू के एक गांव की महिला की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

ALLAHABAD: जमीन का बैनामा पलटी कराने के नाम पर फतेहपुर के खखरेरू एरिया की एक महिला को बुला कर तीन लोगों ने तमंचा के बल पर गैंगरेप किया। महिला की तहरीर पर धूमनगंज पुलिस ने खखरेरू निवासी हनुमंत सिंह सहित उसके दो दोस्तों के खिलाफ गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज की है।

एक नामजद व दो हैं अज्ञात

खखरेरू एरिया स्थित एक गांव की महिला शनिवार को धूमनगंज थाने पहुंची। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके गांव के ही हनुमंत सिंह पुत्र अखिलेश सिंह ने शुक्रवार को उसे बुलाया था। चौफटका पहुंचने पर हनुमंत स्कूटी से उसे रिसीव कर न्याय नगर सुलेमसराय स्थित अपने घर ले गया। वहां पहले से गांव के ही दो युवक बैठे थे। उन दोनों युवकों को वह चेहरे से पहचानती है। घर के एक कमरे में हनुमंत सिंह ने उसकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया। इसके बाद वहां मौजूद दोनों युवक कहने लगे कि हनुमंत सिंह की बात मान लो और जमीन का बैनामा पलटी करा लो। जब वह नहीं मानी तो तीनों ने गैंगरेप किया। कहीं शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

महिला की तहरीर पर एक नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। सच्चाई सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कृष्ण पाल सिंह, इंस्पेक्टर, धूमनगंज