JAMSHEDPUR: गैंगस्टर अखिलेश सिंह की पत्नी गरिमा सिंह जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आ गई है। जमशेदपुर न्यायालय ने बिरसानगर थाने में दर्ज जालसाजी के मामले में जहां 24 फरवरी को ही उसे जमानत दे दी थी तो वहीं हरियाणा के गुरुग्राम में दर्ज मामले में भी उसे 27 फरवरी को जमानत मिल गई। गुरुग्राम में अदालती सुनवाई के दौरान उसे जमशेदपुर से हरियाणा पुलिस गुरुग्राम जेल ले गई थी। 27 फरवरी को गुरुग्राम में बेल मिलने के बाद वह गुरुग्रम जेल से बाहर निकल गई। गरिमा सिंह के गुरुग्राम जेल से बेल पर बाहर निकलने की सूचना पूर्वी सिंहभूम की जिला पुलिस को काफी विलंब से मिली।

11 अक्टूबर को हुई थी गिरफ्तारी

मालूम हो कि गैंगस्टर अखिलेश सिंह दुमका जेल में बंद है। उसे और उसकी पत्नी गरिमा सिंह को जमशेदपुर पुलिस ने हरियाणा के गुरुग्राम स्थित गेस्ट हाउस से 11 अक्टूबर 2017 को हरियाणा पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के दौरान अखिलेश सिंह की पुलिस के साथ मुठभेड़ भी हुई थी। उसने पुलिस पर गोलियां चलाई थी। जवाब में पुलिस ने उसके घुटने में गोली मारी थी। गुरुग्राम जेलएफ सेक्टर थाना में अखिलेश सिंह और उसकी पत्नी के खिलाफ आ‌र्म्स एक्ट, सरकारी कार्य में बाधा और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। हरियाणा पुलिस ने दोनों को मामले में जेल भेजा था। इसके बाद पुलिस दोनों को 11 नवंबर 2017 में प्रोडक्शन वारंट पर जमशेदपुर लेकर पहुंची। बिरसानगर थाने में अखिलेश सिंह और उसकी पत्नी गरिमा सिंह के सृष्टि गार्डेन आवास से पुलिस ने बेनामी संपत्ति के कागजात समेत कई प्रमाण पत्र जब्त किए थे। इस मामले में दोनों के खिलाफ बिरसानगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने गरिमा सिंह को इसी मामले में जेल भेजा था। कुछ दिन जेल में रहने के बाद घाघीडीह सेंट्रल जेल से गरिमा सिंह को गुरुग्राम भेज दिया गया था। वहां के मामले में उसे जमानत मिल गई।