-जमशेदपुर पुलिस ने पुलिस मुख्यालय व ईडी को दी जानकारी, प्रॉपर्टी सीज

- अब तक दस करोड़ से अधिक की संपत्ति हो चुकी है जब्त

- बनारस में चलाते थे कुबेर कंस्ट्रक्शन नामक कंपनी

RANCHI(15 March): रिटायर्ड एसआई चंद्रगुप्त सिंह के बेटे गैंगस्टर अखिलेश कुमार सिंह ने रांची के चुटिया सिरमटोली स्थित ओके रेजीडेंसी के बी ब्लॉक में दो फ्लैट खरीदे हैं। इन फ्लैटों को इनफोर्समेंट डायरेक्टरेट( प्रवर्तन निदेशालय) ने सीज कर लिया है। इस बात की जानकारी जमशेदपुर पुलिस ने पुलिस मुख्यालय और प्रवर्तन निदेशालय को दी थी। अखिलेश ने अपने ससुर चंदन सिंह के नाम में दो फ्लैट खरीदे हैं। वह बनारस में ससुर के साथ मिलकर रीयल ईस्टेट का कारोबार कुबेर कंस्ट्रक्शन के नाम से करता था। अखिलेश ने पत्‍‌नी गरिमा सिंह के नाम भी कई प्रॉपर्टी खरीदी है। मालूम हो कि अखिलेश सिंह दुमका जेल में बंद है। वहीं पत्नी गरिमा सिंह भी जेल में बंद हैं।

जाली कागजात पर बनाइर् प्रॉपर्टी

गैंगस्टर अखिलेश सिंह और उसकी पत्‍‌नी गरिमा सिंह की कुल 7.77 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी ईडी जब्त कर चुका है। दोनों पर जाली कागजात के आधार पर नाजायज प्रॉपर्टी इकट्ठी करने की शिकायत भी दिल्ली स्थित ईडी ऑफिस में दर्ज की गई है। ईडी ने अखिलेश के गुड़गांव, जबलपुर, ग्रेटर नोएडा और देहरादून की करीब 7.10 करोड़ की प्रॉपर्टी समेत दोनों के बैंक खातों में जमा 67 लाख 32 हजार 331 रुपए भी फ्रीज कर दिया है। अब इन संपत्तियों के आकलन की तैयारी है। ईडी की जांच में यह बात सामने आई थी कि अखिलेश ने अलग-अलग जगह संजय सिंह, अजीत सिंह, दिलीप सिंह आदि के नाम से प्रॉपर्टी खरीदी है। पत्‍‌नी गरिमा की प्रॉपर्टी गरिमा सिंह और अन्नू सिंह के नाम से है।

6 राज्यों में अरबों की संपत्ति

गैंगस्टर अखिलेश सिंह ने छह राज्यों के कई शहरों में अरबों की प्रॉपर्टी खड़ी की है। फर्जी नाम से झारखंड, बिहार, हरियाणा, उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड में उसने प्रॉपर्टी खरीद रखी है। अखिलेश ने मध्यप्रदेश में संजय सिंह के नाम से प्रॉपर्टी खरीदी तो दिल्ली में अरविंद शर्मा, हरियाणा में दिलीप सिंह, उत्तराखंड में अजीत सिंह और उत्तर प्रदेश में मनोज कुमार सिंह के नाम से प्रॉपर्टी ले रखी है। उसने पुलिस को झांसा देने के लिए इन नामों से वोटर कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और गैस कनेक्शन भी बनवा रखा है।

बॉक्स

पत्‍‌नी के बैंक अकाउंट में ज्यादा रुपए

अखिलेश सिंह ने पत्‍‌नी गरिमा सिंह के बैंक अकाउंट में ज्यादा रुपए रखे थे। गरिमा सिंह के तीन बैंक अकाउंट में दो एक्सिस बैंक में 20.82 लाख व 1.57 लाख रुपए जमा कराये थे। वहीं, अखिलेश सिंह के नाम से दो खाते पंजाब नेशनल बैंक में 1.21 लाख रुपए और एसबीआई में 2.30 लाख रुपए जमा थे। जमशेदपुर पुलिस ने पति-पत्‍‌नी के सभी बैंक खातों को फ्रीज करवा दिया है।

जब्त की गई प्रॉपर्टी

-देहरादून में एक करोड़ रु। का फ्लैट

-ग्रेटर नोएडा में 2 करोड़ 25 लाख का प्लॉट

-जबलपुर में 20 लाख रुपए का प्लॉट

-जबलपुर में 45 लाख का एक अन्य प्लॉट

-जबलपुर में 1.20 करोड़ रुपए की जमीन

-हरियाणा में दो करोड़ रुपए मूल्य का घर

-एक्सिस बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा ओबीसी, पीएनबी, एसबीआई में जमा 67,32,331 रुपए फ्रीज किए गए।

वर्जन

गैंगस्टर अखिलेश सिंह की अन्य संपत्तियों के बारे में जमशेदपुर पुलिस और साक्ष्य एकत्रित कर रही है। पुलिस उसकी प्रॉपर्टी के संबंध में अपने स्तर पर भी छानबीन कर रही है।

-अनूप बिरथर , एसएसपी, जमशेदपुर