गैंगस्टर फिल्म की तरह प्रेमिका रही चोर गैंग को पकड़वाने में मददगार

आगरा। गैंगस्टर की स्टोरी आपने सुनी है। कंगना रनौत उसमें मुख्य भूमिका में थीं। पुलिस इंस्पेक्टर इमरान हाशमी का साथ देते हुए अपने लवर और गैंगस्टर साइनी आहूजा को पकड़वा देती है। हूबहू ये ही कहानी सोमवार को आगरा में दोहराई गई। थाना ताजगंज से पुलिस को चकमा देकर फरार हुए वाहन चोर गैंग को एक आरोपी की प्रेमिका ने पकड़वा दिया। एक सदस्य ने फीरोजाबाद अदालत में सरेंडर कर दिया। अन्य शातिरों को पकड़कर जेल भेज दिया है।

हवालात तोड़ कर भागा था गैंग

आठ सितंबर की मिड नाइट शातिर गैंग के सदस्यों ने हवालात के गेट को उठा दिया था। इससे गेट खांचों से अलग हो गया और गैंग के सदस्य अंदर पहले से बंद अन्य आरोपी शीलेंद्र की बुरी तरह से पिटाई करके और उसे बांधकर फरार हो गए।

पुलिस की ताबड़तोड़ दबिशें

गैंग की तलाश में पुलिस आगरा और आसपास के जनपदों में दबिश दे रही थी, लेकिन टीम को सफलता हाथ नहीं लगी। उसी दौरान पुलिस को गैंग के एक सदस्य की कमजोरी कड़ी मिली, जो पुलिस के लिए बड़ी मजबूत कड़ी बन गई। ये थी, फरार हुए गैंग में से एक आरोपी सुरेश की प्रेमिका। न्यू आगरा क्षेत्र निवासी युवती सुरेश को मेहनतकश इंसान समझती थी। चूंकि वह ऑटो चलाने का काम भी करता था। लिहाजा उसे वह नेक दिल लगा। पुलिस ने प्रेमिका से संपर्क साधा। उसे विश्वास में लिया। उसके आशिक की असलियत से वाकिफ कराया तो युवती के पैरों तले जमीन खिसक गई।

जब प्यार बना नफरत

अपने प्रेमी की असलियत सामने आते ही प्रेमिका का प्यार उसके लिए नफरत बन गया। उसने पुलिस की मदद करने का वादा किया। इसी दौरान प्रेमी सुरेश ने प्रेमिका से मिलने के लिए संदेश भिजवाया। वह उससे आखिरी बार मिलना चाहता था। प्रेमी के अंतिम बार मिलने की ख्वाहिश ने पूरे गैंग को डुबो दिया।

शादी का दिया भरोसा

सुरेश ने अपने मैसेज में ये संकेत दिए थे कि वह मिलने के बाद सीधा दिल्ली या पंजाब निकल जाएगा। इसके बाद वह वहां से पैसा कमा कर आएगा और उससे शादी करेगा। प्रेमिका ने भी उससे मिलने की रजामंदी दे दी थी। मिलने का स्थान तोरा चौकी के समीप ताजगंज तय हुआ था।

रात में दबोचा गैंग

14 सितम्बर को प्रेमी-प्रेमिका के मिलने का दिन तय हुआ। पुलिस टीम ने प्लान बनाया। पुलिस टीम के मेंबर पहले से मौके पर डटे हुए थे। गैंगस्टर फिल्म की स्टोरी में लास्ट सीन भी कुछ ऐसा ही था। लास्ट में साइनी आहूजा एक क्रॉसिंग पर कंगना रनौत से मिलने आता है। सिर्फ अंतर था वक्त का। फिल्म में गैंगस्टर की मुलाकात दिन में हुई और यहां एक चौकी के सामने रात का वक्त मुकर्रर हुआ। रात साढ़े आठ बजे करीब पुलिस के सामने गैंग के तीन सदस्य आ गए। जैसे ही वह लड़की से मिलने पहुंचे। पुलिस बीच में कूद पड़ी और तीनों को हिरासत में ले लिया।

ये आरोपी पकड़े गए

एसएसपी के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों के नाम मलखान उर्फ अजीत पुत्र दलवीर निवासी नगला संता थाना अकबराबाद जिला अलीगढ़, सुरेश उर्फ योगेश पुत्र मंगल सिंह निवासी तेज नगर थाना न्यू आगरा, गौरव पुत्र रामगोपाल निवासी पक्का पुल के पास वाली गली थाना कोतवाली फर्रूखाबाद बताए हैं।

एक ने किया कोर्ट में सरेंडर

आरोपी प्रहलाद सिंह पुत्र फूल सिंह पर फिरोजाबाद में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा चल रहा था। वह जमानत पर बाहर था। उसने पुलिस की दबिशों के डर से फिरोजाबाद के न्यायालय में पहले ही सरेंडर कर दिया।

रखा था पांच हजार का ईनाम

थाना ताजगंज पुलिस ने इन आरोपियों को पहले श्मशान घाट तिराहे से हिरासत में लिया था। पुलिस ने उसी दौरान 13 वाहन बरामद कर लिए थे। इनका खुलासा किया जाना था, लेकिन इससे पहले ही शातिर हवालात से भाग निकले। इन पर पांच-पांच हजार रुपये का ईनाम रखा था।

प्रहलाद था मास्टर माइंड

पुलिस ने बताया कि शातिरों का गैंग हवालात से निकलने के बाद दो-दो के गुट में अलग-अलग स्थानों पर भागा। यहां से बिजलीघर चौराहे पर पहुंचे। यहां से फिरोजाबाद के लिए निकले। वह किसी भी स्थान पर छह घंटे से अधिक नहीं ठहरे। उन्हें भी पकड़े जाने का खौफ था। गैंग का मास्टर माइंड प्रहलाद बताया गया है। सुरेश के अलावा मलखान और गौरव भी ऑटो चलाते थे।