DEHRADUN : गढ़वाल मंडल विकास निगम जबदस्त आर्थिक संकट से गुजर रहा है। कई-कई महीनों तक निगम कर्मचारियों का वेतन नहीं दे पा रहा है। ठेकेदारों का भी करोड़ों रुपये बकाया है। कर्मचारियों की हालत ये है कि उन्हें समय पर वेतन न मिलने के कारण जबरदस्त आर्थिक संकट से गुजरना पड़ रहा है। पिछले शनिवार को सुरेन्द्र कंडारी नामक एक कर्मचारी की कार्यालय में ही मौत हो गई। सुरेन्द्र के साथियों का कहना है वह तीन दिन से छाती में दर्द की शिकायत कर रहे थे, और सैलरी के इंतजार में थे। निगम ने कंडारी के मौत के बाद कर्मचारियों के एक महीने की सैलरी जारी की जबकि दो महीने का वेतन अब भी बाकी है।

 

परिवार कुछ कहने की स्थिति में नहीं

सुरेन्द्र कंडारी के जाखन स्थित घर में मातम पसरा हुआ है। उनके दो बेटे बेरोजगार हैं। एक बेटी है जो बीएड कर रही है। परिवार को संभालने के लिए चमोली जिले से छोटे भाई दर्शन सिंह आये हैं। सुरेन्द्र की पत्‌नी विमला देवी के अनुसार दो महीने से सैलरी नहीं मिली थी। सुरेन्द्र के छोटे बेटे सुनील के अनुसार उसके पापा बहुत कर्मठ और सहनशील व्यक्ति थे। वे अपनी चिन्ता कभी जाहिर नहीं होने देते थे। सैलरी पहले भी लेट होती थी, वे हमेशा कहते थे कि काम चलाओ, सैलरी तो आ ही जाएगी।

 

दीवाली के दिन भी नहीं था पैसा

सुरेन्द्र कंडारी के पड़ोसियों की माने तो संभवत: सैलरी नहीं मिलने के कारण दीपावली के दिन भी उनके पास पैसे नहीं थे। उन्होंने घर का एक सेट किराये पर दिया है, किराये की रकम से ही दीपावली मनाई थी। जीएमवीएन में वे टेलीफोन ऑपरेटर के पद पर थे, उन्हें करीब क्7 हजार रुपये सैलरी मिलती थी।

 

साथी बोले तीन दिन से था दर्द

जीएमवीएन में सुरेन्द्र कंडारी के साथ काम करने वाले उनके साथियों का कहना है कि सुरेन्द्र करीब तीन दिन से बार-बार छाती में दर्द की शिकायत कर रहे थे और कह रहे थे कि सैलरी आ जाए तो दिखाऊंगा। हालांकि उनके साथियों से अपना नाम छापने से इनकार कर दिया।

 

अब विभाग मदद करे : दर्शन सिंह

सुरेन्द्र के भाई दर्शन सिंह का कहना है कि सब कुछ ऑफिस में ही हुआ। हमें नहीं पता कि कारण क्या था। हम ये नहीं कह सकते कि उनकी मृत्यु सैलरी न मिलने से हुई। इतनी विनती जरूर है कि घर के हालत देखते हुए उनका जो भी बकाया है, उसको जल्दी से जल्दी दे दें।

 

 

सुरेन्द्र कुमार की मृत्यु हार्ट अटैक के कारण हुई, जिसका हमें दुख है, सितम्बर तक की सैलरी अधिकांश कर्मचारियों को दे दी गई है और अगले क्0 दिन में सभी कर्मचारियों का अक्टूबर तक का वेतन दे दिया जाएगा। सुरेन्द्र कंडारी का बकाया भी जल्द से जल्दी परिवार को दे दिया जाएगा।

अतुल कुमार गुप्ता, एमडी जीएमवीन