- खाना बनाते समय रेगुलेटर में गैस रिसाव से लगी आग

- मकान की दीवार गिरी, लाखों का सामान हुआ खाक

Meerut : सिविल लाइन के जगन्नाथपुरी में गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हो गया, हादसा इतना जबरदस्त था कि मकान की दीवारे गिरने से छत पर पड़ा टीन शेड क्षतिग्रस्त हो गया। वहां मौजूद किराएदार झुलस गया, जिसे अस्पताल में उपचार दिलाया गया। साथ ही लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। फायर ब्रिगेड की दो गाडि़यों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

सिलेंडर में रिसाव से लगी आग

सिविल लाइन थाने के जगन्नाथपुरी में जितेंद्र का मकान है। जिसकी छत पर टीन शेड का एक कमरा है। इस कमरे में किराए पर विजयपाल लिया हुआ है। विजयपाल रिक्शा चलाने का काम करता है। उसकी पत्‍‌नी तारा कोठी में बर्तन साफ करती है। रोजाना की तरह तारा सुबह ही बर्तन साफ करने के लिए कोठी में गई थी। उस समय गैस सिलेंडर से विजयपाल खुद खाना बना रहा था। गैस सिलेंडर चलाने के बाद विजयपाल बाहर आकर दूसरा काम करने लगा। इसी बीच रेगुलेटर से गैस रिसाव होने के कारण सिलेंडर में आग लग गई। आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया, जब तक विजयपाल ने मकान के अंदर देखा तो आग भयंकर रूप ले चुकी थी।

सामान हुआ खाक

विजयपाल के शोर मचाने आसपास के लोग आग बुझाने की ओर दौड़े तो गैस सिलेंडर को देखकर भागने लगे। इसी बीच देखते ही देखते गैस सिलेंडर फट गया, जिसमें विजयपाल झुलस गया। उसे आसपास के लोगों ने जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। तत्काल ही फायर ब्रिगेड को आग की सूचना दी गई। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। जब तक विजय पाल के घर का पूरा सामान खाक हो चुका था।

विजयपाल हुआ घायल

वहीं गैस सिलेंडर का धमका इतना जोरदार था कि मकान की दीवारे गिरने के बाद छत से टीन शेड उड़ गया। हादसे के समय घर के अंदर परिवार नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया है। इंस्पेक्टर इकबाल अहमद कलीम ने बताया कि आग पर काबू पा लिया था। सिलेंडर फटने से घायल विजयपाल को उपचार दिला दिया गया।

बॉक्स

फोटो। फ्ब्,फ्भ्

ट्रांसफार्मर में लगी आग

पुलिस लाइन के विद्युत ट्रांसफार्मर में आग लगने से अफरा तफरी मच गई। चंद दूरी पर दमकल विभाग की ऑफिस होने के बाद भी आग बुझाने में आधे घंटे का समय लगा दिया गया। आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड के नंबर क्0क् पर काल की। इसके बावजूद भी गाडी को तैयार करने में आधा घंटा लगा दिया, जब तक ट्रांसफार्मर पूरी तरह से जल चुका था। इसके बाद ही दमकल कर्मचारियों ने पहले बिजली आपूर्ति बंद कराई, इसके बाद गाडी ने ट्रांसफार्मर पर पानी डालकर आग को काबू पाया। आग लगने के दौरान पुलिस लाइन में जमकर भगदड़ मचती रही।